वाराणसी। महावीर मंदिर के पास शुक्रवार शाम स्कॉर्पियो की टक्कर से स्कूटी सवार महिला घायल हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्कॉर्पियो चालक को हिरासत में लिया। कुबेर नगर अनौला निवासी अभय कुमार मिश्रा ने बताया कि पत्नी शुक्रवार शाम पांच बजे स्कूटी से जा रही थी। पीछे से आई स्कॉर्पियो ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में उनकी पत्नी घायल हो गईं। अभय मिश्रा का आरोप है कि स्कॉर्पियो में चार से पांच युवक सवार थे और चालक नशे की हालत में वाहन चला रहा था। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया, जबकि उसके अन्य साथी मौके से भाग गए। पुलिस के मुताबिक, हादसे में कुछ अन्य लोगों के भी घायल होने की सूचना मिली है। सभी घायलों का उपचार कराया जा रहा है। चालक से पूछताछ की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल कर भागे युवकों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी राजकिशोर पांडेय ने बताया कि जल्द ही गिरफ्तारी कर ली जाएगी। ब्यूरो