चितईपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। चितईपुर थाना क्षेत्र में एक व्यापारी से 7.67 लाख की साइबर ठगी हो गई। भारतीय सेना का अधिकारी बताकर चपत लगाई। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने बुधवार रात प्राथमिकी दर्ज की है। सुंदरपुर के नेवादा निवासी पवन कुमार ने पुलिस को बताया कि वह गणेश पेपर मार्ट्स के मालिक हैं। सुबह 11 बजे मोबाइल पर फोन आया। खुद को सेना का अधिकारी बताया और अपना पता गोरखा ट्रेनिंग सेंटर, कैंटोनमेंट वाराणसी बताया। जालसाज ने जीएसटी नंबर भी साझा किया। आरोपी ने 25 हजार पेपर प्लेट खरीदने का बड़ा ऑर्डर दिया। भुगतान करने के बहाने उसने रक्षा खाते से पैसे हस्तांतरित करने के लिए खाता सत्यापन करने को कहा। बातों में आकर सत्यापन के लिए बताए गए खाते को अपने खाते से जोड़ दिया। खाता जोड़ते ही जालसाज ने खाते से पांच अलग-अलग लेनदेन के जरिये कुल 7.67 लाख रुपये निकाल लिए। धोखाधड़ी का अहसास होते ही तुरंत साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराई । थाना प्रभारी चितईपुर राकेश गौतम ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।