एमपी-यूपी सहयोग सम्मेलन-2026 में शामिल होने काशी पहुंचे मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का वाराणसी टूरिज्म गिल्ड ने स्वागत किया। गिल्ड के प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को छावनी स्थित एक होटल में स्मृति चिह्न भेंटकर उनका अभिनंदन किया। अध्यक्ष सुभाष कपूर और सचिव सौरभ पांडेय के नेतृत्व में गिल्ड के पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री से टूरिज्म राउंड टेबल बैठक में वाराणसी, उज्जैन और चित्रकूट के धार्मिक सर्किट और सांची व सारनाथ के मध्य बौद्ध सर्किट बनाने का प्रस्ताव दिया। सुभाष कपूर ने बताया कि उन्होंने बनारस और एमपी के लिए सीधी विमान सेवा शुरू करने का भी प्रस्ताव दिया है। इसमें भोपाल और इंदौर को सीधे हवाई मार्ग से जोड़ने का सुझाव दिया गया है। इससे काशी विश्वनाथ, महाकाल और ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग सीधे जुड़ सकेंगे। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सुझावों का स्वागत किया और इस पर जल्द आगे बढ़ने का आश्वासन भी दिया। प्रतिनिधिमंडल में कोषाध्यक्ष रंजीत श्रीवास्तव सहित अन्य पदाधिकारी भी शामिल रहे।