राजस्थान से सपरिवार बाबा के दर्शन पूजन और मां गंगा की आरती देखने आया था। रात में गोदौलिया स्थित एक होटल में ठहरा था। जब पता चला कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इधर से गुजरने वाले हैं तो बेटे प्रणव उर्फ कान्हा और पत्नी के साथ सड़क किनारे उन्हें देखने के लिए खड़ा हो गया। प्रधानमंत्री अचानक पास आकर रुक गए। नाम, पता और काशी की आभा व सुंदरता के बारे में पूछते हुए गोद में लिए बेटे कान्हा को दुलारा। प्रोटोकॉल तोड़कर उनका यूं आत्मीयता से मिलना, बेटे को दुलारना ता उम्र याद रहेगा। यह बातें राजस्थान के रहने वाले पर्यटक सौरभ सक्सेना ने अमर उजाला से कहीं। सौरभ ने कहा कि अब तक प्रधानमंत्री को टीवी में ही देखा था, लेकिन यह विश्वास नहीं था कि अचानक उनसे मुलाकात हो जाएगी। यह सपने के सच होने जैसा है।