वाराणसी के सिगरा स्पोर्ट्स स्टेडियम के पास सोमवार को बड़ा हादसा होने से बच गया। स्टेडियम के पीछे की रिटेनिंग वॉल (दीवार) अचानक ढह गई। जद में आने से दो कार और 10 से अधिक बाइक और स्कूटी क्षतिग्रस्त हो गई। राहत की यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और खेल अधिकारी मौके पर पहुंचे। क्षतिग्रस्त वाहन स्थानीय लोगों के हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार बाउंड्रीवॉल के सहारे से अंदर की तरफ से गिट्टी रखी हुई जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। गिट्टी का दबाव दीवार नहीं झेल पाई और भरभराकर ढह गई। इस दौरान-किसी के पास न होने से बड़ा हादसा होने से बच गया। स्मार्ट सिटी के तहत सिगरा के संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम का कायाकल्प हो रहा है। फिलहाल पहले चरण का कार्य जारी है।
स्मार्ट सिटी के जनसंपर्क अधिकारी शाकंभरी नंदन सोंथलिया ने बताया कि स्टेडियम के पुनर्विकास का कार्य किया जा रहा है। सोमवार सुबह ट्रकों से गिट्टी अनलोड की जा रही थी। उसी दौरान दीवार ढह गई। उन्होंने कहा कि हम लोग सभी सुरक्षा मानकों के अनुरूप कार्य करवा रहे हैं। दीवार कमजोर होने और अनलोडिंग के समय गिट्टी के दबाव का अंदाजा न होने की वजह से यह घटना हुई। मलबे में दबकर कुछ वाहन भी क्षतिग्रस्त हुए हैं।