वाराणसी के मिर्जामुराद क्षेत्र के रखौना गांव स्थित नेशनल हाईवे पर रविवार की सुबह सात बजे बोलेरो अनियंत्रित होकर ट्रक से टकरा गई। इससे दस लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बोलेरो में भदोही जिले के औराई का पूरा परिवार सवार था। वह बिहार के हरसू बरम मंदिर के लिए जा रहे थे। जब चालक को झपकी आ गई तो पहले से खड़े ट्रक में कार टकरा गई।
जानकारी के अनुसार, भदोही जिले के सीताराम पाल अपने परिवार के साथ दर्शन करने के लिए बोलेरो से बिहार स्थित हरसू बरम जा रहे थे। चालक को झपकी लगने से तेज रफ्तार बोलेरो ट्रक के पिछले हिस्से में भिड़ गई। जिसमें बोलेरो के आगे का हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
बोलेरो में सवार सीताराम पाल, वकील, नरेंद्र, सुशीला, केवला, मीरा, संतराज व तीन मासूम बच्चे आंशी, अनन्या व प्रिया सभी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों की चीख पुकार सुन मौके पर ग्रामीण पहुंच गए।
उन्होंने बोलेरो में फंसे सभी घायलों को बाहर निकाल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने सभी घायलों को उपचार हेतु एंबुलेंस से वाराणसी स्थित ट्रामा सेंटर भेज दिया।