गंगा में बढ़ाव के कारण नौकायन पर लगी थी रोक
- फोटो : अमर उजाला
यूपी के वाराणसी आने वाले पर्यटकों के अच्छी खबर है। गंगा में बाढ़ के कारण बंद हुए नाव संचालन को फिर से शुरू कर दिया गया है। गंगा के घटते जलस्तर को देखते हुए जल पुलिस ने नौका संचालन पर लगाए गए प्रतिबंध को हटा लिया है। इससे न सिर्फ पर्यटक फिर से गंगा में सैर कर पा रहे बल्कि कई दिनों से रोजी-रोटी के संकट से जूझ रहे नाविकों के चेहरे भी खिल गए। गंगा के जलस्तर में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। हांलांकि घाटों का आपसी संपर्क अभी भी बहाल नहीं हुआ है।
नाविक प्रमोद मांझी ने बताया कि करीब दो सप्ताह से नौका संचालन बंद था। गंगा का जलस्तर कम होने पर हमने नौका संचालन की अनुमति मांगी थी। अनुमति मिल गई है। हम सुरक्षा निर्देशों का पालन करते हुए गंगा में नावों का संचालन करेंगे। इसके अलावा जो पर्यटक बिना नाव का सैर किए वापस चले जा रहे थे। उनमें भी अब खुशी का माहौल है।
ये भी पढ़ें: नेपाल से रीवा जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस में लगी भीषण आग, लोगों ने कूदकर बचाई जान
नाव संचालन की शर्त
सुबह पांच बजे से शाम छह बजे तक नौका संचालन शुरू करने से पहले जल पुलिस ने नाविकों को सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी। कहा कि नाव पर अभी क्षमता से कम ही सवारी बैठाएं। नाव पर लाइफ जैकेट जरूर रखें। जल पुलिस प्रभारी मिथिलेश यादव ने कहा कि नाविकों को जागरूक करने और सुरक्षा निर्देशों का पालन कराने के लिए गंगा में पेट्रोलिंग की जा रही है।