बीते डेढ़ दशक से सुंदरपुर क्षेत्र में रहने वाले भाजपा के काशी क्षेत्र के नए क्षेत्रीय अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल मिर्जापुर जिले के चुनार क्षेत्र के मगरहा गांव के मूल निवासी हैं। वो भाजपा के मिर्जापुर जिले के उपाध्यक्ष और काशी क्षेत्र के मंत्री रह चुके हैं। वर्ष 2018 से वह लगातार दो बार भाजपा के काशी क्षेत्र के उपाध्यक्ष रहे। क्षेत्रीय अध्यक्ष चुने जाने के बाद दिलीप सिंह पटेल ने कहा कि हमारा परिवार जन्मजात भाजपाई है।
सक्रिय रूप से वह राम मंदिर आंदोलन के समय शिला पूजन के दौरान भाजपा से जुड़े थे। इसके बाद भाजपा के लिए बूथ और मंडल स्तर पर काम किए। 2022 के लोकसभा चुनाव के दौरान दिलीप सिंह पटेल काशी क्षेत्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सभाओं के प्रभारी रहे। इसके अलावा वह भाजपा के लिए पंचायत चुनाव के संयोजक का भी काम कर चुके हैं।
भाजपा के काशी क्षेत्र के नए अध्यक्ष दिलीप सिंह पटेल के नाम की घोषणा होते ही पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई। नवनियुक्त क्षेत्रीय अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों को बधाई देने वालों में भाजपा के प्रदेश सह प्रभारी सुनील ओझा, निवर्तमान क्षेत्रीय अध्यक्ष महेश चंद श्रीवास्तव, कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर, राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, राज्य मंत्री डॉ. दयाशंकर मिश्र दयालु, विधायक डॉ नीलकंठ तिवारी, सौरभ श्रीवास्तव, डॉ. अवधेश सिंह, टी. राम, नीलरतन पटेल नीलू व सुनील पटेल, विधान परिषद सदस्य अशोक धवन, जिलाध्यक्ष हंसराज विश्वकर्मा, महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, अशोक चौरसिया, नवरतन राठी, नवीन कपूर, प्रभात सिंह, जगदीश त्रिपाठी, संजय सोनकर, प्रवीण सिंह गौतम शामिल रहे।