भाजपा काशी क्षेत्र की क्षेत्रीय उपाध्यक्ष एडवोकेट प्रियंका दूबे की तहरीर पर शिवपुर थाने में हाथरस के कीर्ति आजाद सिंह मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मुकदमे की जांच कर रही है। प्रियंका दूबे के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कीर्ति आजाद सिंह उन्हें आपत्तिजनक रील्स भेजा था।
एक्स प्रबंधन से शिकायत की गई तो उन लोगों ने कीर्ति आजाद सिंह को फटकार लगाई। उसी बात को लेकर अब कीर्ति आजाद सिंह फेक आईडी बनाकर उन्हें ट्रोल करना शुरू किया। वह कहता है कि तुम्हें ट्विटर पर रहने नहीं दूंगा। एक्स स्पेस में भी कुछ लोगो का झुंड बनाकर गंदे लोगों के साथ वह धमकियां देता है।
इस वजह से वह मानसिक रूप से बहुत परेशान हैं। प्रियंका दूबे ने ऐसे ही आरोपों में एक अन्य मुकदमा शिवपुर थाने में रवि राज राणा के खिलाफ भी दर्ज कराया है। रवि राज राणा का निवास स्थान उन्हें नहीं पता है।
युवक ढाबे पर कर रहा था काम, वहीं उसकी पत्नी को लेकर पहुंचा ग्राम प्रधान
फूलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव का युवक जिस ढाबे पर काम कर रहा था, वहीं उसकी पत्नी को लेकर ग्राम प्रधान पहुंचा और अश्लील हरकत करने लगा। यह देख कर युवक ने विरोध जताया। आरोप है कि इस पर ग्राम प्रधान के समर्थकों ने उसकी पिटाई कर दी। घटना के संबंध में युवक ने फूलपुर थाने की पुलिस से शिकायत की है।
पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में युवक ने बताया कि वह चुप्पेपुर स्थित एक ढाबे पर फर्नीचर का काम कर रहा था। तभी गांव का प्रधान बाइक पर उसकी पत्नी को बैठाकर पहुंचा। प्रधान ढाबे पर बैठकर उसकी पत्नी के साथ अश्लील हरकत करने लगा। उसने कहा कि वह ढाबे पर लोकलाज के चलते कुछ नहीं बोला। घर आकर उसने ग्राम प्रधान को फोन कर विरोध दर्ज कराया।
इस पर गत छह सितंबर की रात गांव के बाहर ग्राम प्रधान के समर्थक बाइक से आए और उसे जमकर पीटे। साथ ही, ग्राम प्रधान की शिकायत कहीं करने पर जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में इंस्पेक्टर फूलपुर प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
मासूम की फाइल फोटो।
- फोटो : अमर उजाला
चारपाई पर सो रहे बालक को सांप ने काटा, मौत
चौबेपुर थाना क्षेत्र के बर्थराकला में शुक्रवार की रात सात साल के बालक की सांप के काटने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। बर्थराकला निवासी शिवशंकर सिंह का सात साल का बेटा उत्कर्ष सिंह रात में चारपाई पर सो रहा था। इस बीच किसी समय सांप ने उत्कर्ष के हाथ पर डस लिया।
शनिवार की सुबह उत्कर्ष के मुंह से झाग देखकर परिजन घबरा गए। परिजन उसे पीएचसी चिरईगांव पहुंचे। बच्चे की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला अस्पताल रेफर कर दिया। अस्पताल पहुंचने से पहले ही बालक ने दम तोड़ दिया। ग्राम प्रधान अमित कुमार सिंह सन्नी ने बताया कि इस घटना के चलते सुबह तीज व्रत महिलाओं ने भोजन नहीं बनाया।
ट्रेन के आगे कूद राजगीर मिस्त्री ने दी जान
रोहनिया थाना क्षेत्र के घमहापुर में शनिवार की सुबह ट्रेन के सामने कूदकर राजगीर मिस्त्री ने जान दे दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। बच्छाव निवासी राजेंद्र पटेल 50 वर्ष सुबह घर से अपनी बहन के ससुराल बैरवन जाने के लिए बाइक से निकला। बहन के घर से एक किमी पहले घमहापुर गांव के सामने रेलवे समपार के बगल में बाइक खड़ी कर वह ट्रेन के सामने कूद गया।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने क्षत-विक्षत शव कब्जे में लिया। बाइक रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पहचान हुई। राजेंद्र पटेल दो भाइयों में छोटे थे। दो बेटे व एक बेटी है। राजेंद्र का शव देख पिता बालकरन और पत्नी दुर्गावती देवी अन्य बेसुध हो गए। पुलिस के अनुसार खुदकुशी की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
सवारी का इंतजार कर रहे युवक को वाहन ने मारी टक्कर, मौत
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के चित्रसेनपुर गांव के समीप हाईवे किनारे पेट्रोल पंप के पास शनिवार को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। युवक सवारी वाहन के इंतजार में सड़क किनारे खड़ा था। मिर्जापुर के कछवां थाना क्षेत्र के बजहा गांव निवासी विजय शंकर विश्वकर्मा (31) दोपहर के समय शहर जाने के लिए रोडवेज बस का इंतजार कर रहा था।
प्रयागराज की ओर से आ रही तेज रफ्तार चार पहिया वाहन युवक को रौंदते हुए वाराणसी की ओर भाग निकली। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना देते हुए युवक को निजी अस्पताल में भर्ती कराया। हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया। इस बीच रास्त में ही युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस की सूचना पाकर परिजन भी पहुंच गए। परिजनों ने पुलिस को बताया कि विजय का 5 साल का बेटा है।
17 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने चेकिंग के दौरान शनिवार को लठिया बाईपास से 17 किलो गांजा के साथ आरोपी को गिरफ्तार किया। ट्राली बैग के अंदर गांजा का पैकेट रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान चंदौली के इलिया थाना क्षेत्र के खखड़ा निवासी सूरज शर्मा के रूप में हुई है।
दूसरे दिन भी अधिवक्ता रहे सत्याग्रह पर, निकाला जुलूस
कासगंज में महिला अधिवक्ता की हत्या के आरोपियों की गिरफ्तारी व परिजनों को 50 लाख रुपये मुआवजा और एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट लागू करने समेत अन्य मांगों को लेकर आक्रोशित अधिवक्ताओं ने लगातार दूसरे दिन शनिवार को भी सिविल कोर्ट परिसर में सत्याग्रह जारी रखा। इसके पहले अधिवक्ताओं ने अपनी मांगों को लेकर सिविल व कलक्ट्रेट परिसर में जुलूस निकाल कर नारेबाजी की।
यूपी बार काउंसिल के आह्वान पर मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिला प्रशासन को सौंपा। उधर, सत्याग्रह के दौरान अधिवक्ताओं ने कहा कि कचहरी में वाहन स्टैंड की समुचित व्यवस्था की जाए। टिनशेड की जगह पक्के चैंबर बनाए जाएं। न्यायिक अधिकारियों के समय से कोर्ट में बैठने व समय से आदेश पारित किए जाने की भी मांग की गई।
सत्याग्रह का समर्थन करने के लिए बार काउंसिल ऑफ इंडिया के को-चेयरमैन श्रीनाथ त्रिपाठी, यूपी बार काउंसिल के सदस्य हरिशंकर सिंह व विनोद कुमार पांडेय, बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अवधेश सिंह व महामंत्री कमलेश सिंह यादव और सेंट्रल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मुरलीधर सिंह व महामंत्री सुरेंद्र नाथ पांडेय समेत काफी संख्या में वकील शामिल रहे। बनारस बार एसोसिएशन ने सत्याग्रह का समर्थन करने पर गोरखपुर, आजमगढ़, मऊ, देवरिया, गाजीपुर और बलिया के बार एसोसिएशन के प्रति आभार जताया।
आईआईटी बीएचयू की छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म के मामले की सुनवाई टली
आईआईटी बीएचयू की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में शनिवार को सुनवाई टल गई। फास्ट ट्रैक कोर्ट (प्रथम) कुलदीप सिंह की अदालत ने अगली सुनवाई के लिए 19 सितंबर की तिथि मुकर्रर की है। इस में पीड़िता से आरोपियों के अधिवक्ताओं द्वारा जिरह की कार्रवाई की जानी है।
शनिवार को इस मामले में जैसे ही सुनवाई शुरू हुई हुई, आरोपी कुणाल पांडेय की ओर से मौजूद अधिवक्ता द्वारा अदालत को बताया गया कि अदालत में अब तक पक्ष रख रहे वरिष्ठ अधिवक्ता का कुछ दिन पहले निधन हो गया है। मुकदमे में पक्ष रखने के लिए उन्हें अवसर दिया जाए। अभियोजन पक्ष की ओर से एडीजीसी ने पीड़िता का बयान व उससे जिरह की कार्रवाई जल्द से जल्द पूरा कराए जाने की अदालत से अपील की।
आरपीएफ के इंस्पेक्टर और कांस्टेबल कोर्ट में तलब
राजधानी एक्सप्रेस के मुख्य टिकट निरीक्षक को कैंट स्टेशन पर पीटने और लोक सेवक के कार्य में बाधा डालने को लेकर आरपीएफ इंस्पेक्टर और कांस्टेबल को कोर्ट ने तलब किया है। यह आदेश अपर मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (पूर्वोत्तर रेलवे) महेंद्र कुमार पांडेय की अदालत ने राजधानी एक्सप्रेस के तत्कालीन मुख्य टिकट निरीक्षक रितेश कुमार के परिवाद पर दिया है।
प्रकरण के अनुसार 18 फरवरी 2021 को राजधानी एक्सप्रेस (गुवाहाटी से नई दिल्ली) में परिवादी मुख्य टिकट निरीक्षक रितेश कुमार द्वारा ट्रेन में टिकट निरीक्षण का कार्य किया जा रहा था। आरोप है कि ए-1 कोच में आरपीएफ कांस्टेबल सीमा लोधी को बिना टिकट और बिना वैध पास के यात्रा करते हुए उन्होंने पकड़ा।
आरपीएफ कांस्टेबल के पास केवल स्लीपर कोच में यात्रा हेतु अधिकृत पास था। इस पर रितेश कुमार ने आरपीएफ कांस्टेबल सीमा लोधी को ट्रेन से उतरने को कहा। सीमा लोधी ने ट्रेन से उतरने से मना कर दिया। रितेश ने इसकी सूचना कैंट जंक्शन के कंट्रोल रूम में मैसेज के माध्यम से दी। इस पर कैंट स्टेशन में बिना स्टॉपेज के राजधानी एक्सप्रेस गुवाहाटी को आनन-फानन में रोका गया।
इसके बाद आरपीएफ इंस्पेक्टर रमेश कुमार रावत पांच अज्ञात सुरक्षाकर्मियों के साथ ट्रेन में घुसे। आरपीएफ कांस्टेबल सीमा लोधी द्वारा आरपीएफ इंस्पेक्टर रमेश कुमार रावत से कहा गया कि उन्हें रितेश कुमार द्वारा जबरदस्ती ट्रेन से उतारा जा रहा है।
रितेश कुमार ने आरपीएफ इंस्पेक्टर को बताया कि कांस्टेबल के पास वैध पास नही है। वह अनाधिकृत रूप से एसी कोच में यात्रा कर रही है। इस पर आरपीएफ इंस्पेक्टर और पांच अज्ञात सुरक्षाकर्मियों ने रितेश कुमार को पकड़ कर लात-घूसो से मारते हुए जीआरपी थाने के लॉकअप में बंद कर दिया। उल्टे परिवादी के विरुद्ध ही छेड़खानी का मुकदमा दर्ज करा दिया गया। यह घटना सीसी कैमरे में कैद हो गई।
शौच करने गए बुजुर्ग की मौत
फूलपुर थाना क्षेत्र के अंतिम छोर स्थित एक पब्लिक स्कूल के पीछे शनिवार की दोपहर बुजुर्ग की संदिग्ध हाल में मौत हो गई। फूलपुर के बिन्दा निवासी शोभनाथ राम 65 वर्ष के रूप में पहचान हुई। फूलपुर में घर बनवा कर पत्नी दुखिया देवी के साथ रहता था। दोपहर में वह शौच करने के लिए स्कूल के पीछे गया और वही मुंह से खून निकलने के बाद उसकी मौत हो गई। एक स्कूल कर्मचारी के नजर औंधे मुंह गिरे बुजुर्ग पर पड़ी तो समीप पहुचा और हालत देख परिजन को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
22 बोतल अंग्रेजी शराब के साथ आरोपी गिरफ्तार
कैंट जीआरपी ने शनिवार को प्लेटफाॅर्म संख्या दो से यात्री को 22 बोतल आठ लीटर अंग्रेजी शराब के साथ गिरफ्तार किया। कैंट इंस्पेक्टर हेमंत सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान नितेश कुमार मिश्रा (24) निवासी रुद्रपुर थाना शाहपुर जिला भोजपुर (बिहार) के रूप में हुई है।
अश्लील वीडियो के जरिये ब्लैकमेल करने का आरोप
रोहनिया थाना क्षेत्र की एक किशोरी का अश्लील वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल करने मामले में पुलिस ने शनिवार को मुकदमा दर्ज किया है। पीड़ित परिजनों का आरोप है कि वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवक ने पैसे ऐठे। इस बीच सोशल मीडिया पर वीडियो भीवायरल कर दिया। परिजनों के अनुसार लड़की अपने मौसी की बेटी की शादी में गई थी। वहां पहुंचे युवक ने धोखे से नहाते समय लड़की का वीडियो बना लिया। उस वीडियो के जरिये पैसा भी ऐंठ लिया।
जमीन विवाद में दंपती की पिटाई
मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के रखौना गांव में शनिवार को जमीन विवाद में दपंती की पिटाई कर दी गई। पीड़ित दपंती ने महिला समेत चार के खिलाफ तहरीर दी। पीड़ित कमलेश के अनुसार लाठी-डंडे से पिटाई की गई। इस दौरान बीच बचाव को आगे आई पत्नी के साथ अभद्रता और उस पर जानलेवा हमला किया गया। तहरीर के आधार पर पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पति समेत छह के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मुकदमा दर्ज
विवाहिता ने पति समेत ससुराल के छह लोगों के खिलाफ दहेज उत्पीड़न समेत अन्य आरोपों में मुकदमा दर्ज कराया। थानाक्षेत्र के कोईराजपुर निवासी अंजली राय का आरोप है कि कपसेठी थानाक्षेत्र के सरावां गांव निवासी पति विशाल सिंह समेत अन्य 10 लाख नकदी, आभूषण की मांग को लेकर प्रताड़ित करते हैं। 29 जून को पति गुड़गांव में नौकरी स्थल पर पहुंचकर पिटाई की।
मिट्टी से बनाई आकर्षक कलाकृतियां
बीएचयू परिसर में न्यू पीजी गर्ल्स हॉस्टल में टेराकोटा वर्कशॉप और प्रदर्शनी में छात्राओं का हुनर देखने को मिला। मिट्टी से छात्राओं ने एक से बढ़कर एक आकर्षक कलाकृतियां बनाकर उसकी प्रदर्शनी भी लगाई। बतौर मुख्य वक्ता छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा ने हॉस्टल पहुंचकर प्रदर्शनी का अवलोकन कर प्रेरित किया।
हॉस्टल की एडमिन वार्डन डॉ. आरती निर्मल ने बताया कि 30 छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। डॉ. सुनील कुमार सिंह कुशवाहा ने भी छात्राओं को रचनात्मक कार्यों से जुड़े रहने की बात कही। कार्यक्रम में वार्डन डॉ. स्वपनिल सिंह, डॉ. किरन गुप्ता, डॉ. ब्यूटी यादव ने छात्राओं का उत्साह बढ़ाया।
अखाड़ा गीला होने से रद्द हुई कुश्ती
पिंडरा कोट पर तीज के बाद होने वाली भव्य कुश्ती शनिवार को बारिश के चलते रद्द हो गई। आयोजक लौटन राजभर ने बताया कि तीन बजे पहली कुश्ती की पुकार हुई तभी तेज बारिश शुरू हो गई। ऐसे में मुकाबला रद्द करना पड़ा।
दांतों की समस्या से माइग्रेन का खतरा
इंडियन डेंटल एसोसिएशन (आईडीए) की ओर से आयोजित कार्यक्रम में दांतों से जुड़ी बीमारियों और इससे होने वाली अन्य समस्याओं पर चर्चा की गई। बतौर मुख्य वक्ता डॉ.अजय कक्कड़ ने कहा कि दांतों की समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसके इलाज में लापरवाही से आगे चलकर माइ्ग्रेन की समस्या भी होती है। साथ ही कमर और गर्दन दर्द होने का खतरा भी रहता है।
उन्होंने दंत चिकित्सकों को इस बारे में मरीजों को जागरूक करते रहने के लिए प्रेरित किया। आईडीएस सचिव डॉ. अमर अनुपम ने एसोसिएशन की ओर से समय-समय पर सदस्यों के लिए इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम कराए जाने की बात कही। कार्यक्रम में अध्यक्ष डॉ. मनोज श्रीवास्तव, डॉ. प्रशांत सिंह,डॉ.रमेश सोनी, डॉ. अभिषेक मिश्र, डॉ. प्रवीण कुमार, डॉ. जसलोक आदि लोग मौजूद रहे।
कौन बनेगा करोड़पति में साड़ी कारोबारी ने जीते 14 लाख रुपये
कौन बनेगा करोड़पति सीजन 16 में गोलघर निवासी साड़ी कारोबारी देवांग अग्रवाल ने 14 लाख रुपये जीते। महानायक अमिताभ बच्चन के 12 सवालों का सही जवाब देकर इनाम राशि जीती। शुक्रवार की रात देवांग ने अपने परिजनों के साथ एपिसोड देखा। परिजन टीवी से चिपके रहे।
12 सवालों के सही जवाब देकर 12.50 लाख रुपये जीते और बोनस के तौर पर एक सवाल का जवाब देकर 1.60 लाख रुपये इनाम राशि जीती। मैदागिन स्थित गोलघर के भाट वाली गली में पुश्तैनी साड़ी कारोबारी संजय अग्रवाल के पुत्र देवांग भी बनारसी साड़ी कारोबार में हाथ बंटाते हैं। देवांग ने बताया कि वह अपनी मां रत्ना अग्रवाल के साथ मुंबई गए थे। यह शूटिंग 12 से 15 अगस्त के बीच हुई थी, जिसका प्रसारण शुक्रवार की रात में हुआ। काशी की संस्कृति और बनारसी साड़ी समेत अन्य मुद्दों पर अमिताभ ने देवांग से बातचीत की। बीएचयू से देवांग ने बीकाॅम किया है।
जय प्रकाश महाविद्यालय में स्कॉउट-गाइड प्रशिक्षण संपन्न
उमरहां के जय प्रकाश महाविद्यालय में बीएड चतुर्थ सेमेस्टर के छात्र-छात्राओं का पांच दिवसीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण संपन्न हो गया। प्रशिक्षक मदन चौहान ने विद्यार्थियों को शपथ दिलाई। उन्होंने गुरु दक्षिणा के रूप में एक बुराई को छोड़ने का संकल्प मांगा।
प्रबंधक डॉ. शिव प्रकाश सिंह ने कहा कि ऐसे शिविर समाज के साथ-साथ देश में आपातकालीन स्थितियों से निपटने में सहायक होते हैं। प्राचार्य डॉ. विनय कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि सीमित संसाधनों में एक-दूसरे की मदद करने की भावना जागृत होती है। स्काउट गाइड ने शिविर में विभिन्न व्यंजन भी बनाए। कार्यक्रम में कुसुमलता, रितेशीनी मिश्रा, लल्लू यादव, अनिल कुमार, डॉ. राजमन प्रसाद, राजेश यादव, सुभाष प्रसाद मौजूद रहे।
शिक्षक समाज की रीढ़, देते हैं संस्कार
सेठ एमआर जैपुरिया स्कूल्स के बाबतपुर कैंपस में शिक्षक दिवस पर समारोह में मुख्य अतिथि बलदेव डिग्री काॅलेज के पूर्व प्रधानाचार्य डाॅ. विनोद सिंह ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ होते हैं। चेयरमैन दीपक कुमार बजाज ने कहा कि शिक्षक वर्तमान के साथ भविष्य का निर्माण भी करते हैं। प्रधानाचार्या सुधा सिंह ने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी पढ़ाने के साथ बच्चों को जीवन की चुनौतियों और संघर्ष के लिए तैयार करना भी है।
उत्कृष्ट योगदान के लिए विशिष्ट शिक्षकों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न प्रदान किया गया। सातवीं की छात्रा आर्ना चौधरी ने कविता से शिक्षकों का अभिनंदन किया। शिवांग पांडेय और राशि सिंह ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। संचालन संकेत अग्रवाल, आर्या चौबे, अदिति यादव, सान्वी शुक्ला, आस्था कुमारी ने किया। प्रबंध निदेशक मनोज कुमार बजाज, अधिशासी निदेशक श्याम सुंदर बजाज, निदेशक अनिल के. जाजोदिया, राधिका बजाज व शैक्षणिक प्रबंधक नरेंद्र पांडेय उपस्थित रहे।
शिक्षक कभी सेवानिवृत्त नहीं होता : रवींद्र जायसवाल
शिक्षक अपने आचरण और व्यवहार से समाज में शिक्षा की अलख जगाता है। वह समाज और राष्ट्र का वास्तविक निर्माणकर्ता होता है। उक्त बातें धीरेंद्र महिला पीजी काॅलेज में शिक्षक दिवस पर कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यमंत्री रवींद्र जायसवाल ने कही। शिक्षक दूसरे अन्य पेशेवरों की तरह कभी सेवानिवृत्त नहीं होता।
चेयरपर्सन अंजू जायसवाल ने कहा कि शिक्षक जीवन की सार्थकता तभी सिद्ध होती है, जब उसके सानिध्य में शिक्षा ग्रहण करने वाला एक भी विद्यार्थी उसे आदर्श मानते हुए अनुकरण के लिए प्रेरित होता है। प्राचार्या डॉ. नलिनी मिश्रा ने भी विचार रखे। छात्राओं ने कविताएं, लघु नाटिका और नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में डॉ. प्रतीक्षा सिंह, प्रवीण पांडेय, डॉ. दीपिका यादव डॉ. ममता पांडेय, डॉ. सारिका मिश्रा मौजूद रहे।
शिक्षा से मजबूत होती है राष्ट्र की नींव
हरहुआ के राजेश्वरी महिला महाविद्यालय में शिक्षक दिवस पर प्रबंध निदेशक साहित्यकार डॉ. राघवेंद्र नारायण सिंह ने कहा कि किसी राष्ट्र की नींव शिक्षा से ही मजबूत होती है। शिक्षण पेशा नहीं संकल्प, समर्पण और त्याग का समन्वित रूप है। छात्राओं और शिक्षिकाओं ने विचारों को गीत और भाषणों के माध्यम से प्रस्तुत किया। डॉ. सुमन सिंह, महिमा मिश्रा, विनय दुबे, प्रियंका श्रीवास्तव, प्रतिभा सिंह ने सहभागिता की। संयोजन उपनिदेशक अंशुमान सिंह और संचालन डॉ. डीके तिवारी ने किया।
नुक्कड़ नाटक से स्वच्छता के प्रति किया जागरूक
निवेदिता शिक्षा सदन में शनिवार को एनसीसी कैडेट्स ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिये लोगों को स्वच्छता के फायदे बताए गए। कहा कि स्वच्छता बेहद जरूरी है। अन्यथा बीमारियों का हमला झेलना पड़ेगा। इस मौके पर विद्यालय की शिक्षिकाएं भी मौजूद रहीं।
अनुदान पर गाय खरीदने के लिए करें आवेदन
मुख्यमंत्री स्वदेशी गौ-संवर्धन योजना के तहत उन्नत नस्ल की स्वदेशी गायों (गीर, साहीवाल एवं थारपारकर प्रजाति) को भी पशुपालक पाल सकते हैं। प्रदेश सरकार इसके लिए 50 फीसदी अनुदान देगी। जिला समन्वय/उप दुग्धशाला विकास अधिकारी अखिलेंद्र मिश्रा ने बताया कि पशुपालकों को 80 हजार रुपये तक अनुदान मिलेगा। इन गायों का तीन वर्षों का पशु बीमा एवं ट्रांजिट बीमा होगा। आवेदन पोर्टल https://updairydevelopment.gov.in/ पर होगा। पशुपालन विभाग में और मोबाइल नंबर 9454053661 एवं 9839594477 से अधिक जानकारी ले सकते हैं।
बाढ़ में बह गया बलुआघाट पर बने चेंजिंग रूम की छत
बलुआ घाट रामनगर पर बना पक्का चेंजिंग रूम पहली ही बाढ़ नहीं झेल पाया। इसकी छत पर लगी खपरैल बाढ़ में बह गई। यहां लगभग 10.50 करोड़ की लागत से पक्का घाट बनाया जा रहा है। काफी काम पूरा भी हो गया है। इधर गंगा में आई बाढ़ के चलते काम बंद कर दिया गया था। घाट पानी में डूब गया जब पानी घटा तो पता चला कि चेंजिंग रूम छत विहीन है। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के नाम पर बने इस घाट की गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं। पूर्व में कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने घटिया निर्माण की जांच कर प्रदेश सरकार से शिकायत की थी।
बॉलीवुड धुनों पर नृत्य से किया मुग्ध
मारवाड़ी युवा मंच वरुणा शाखा की ओर से शनिवार को संकटमोचन स्थित एक होटल में तीजोत्सव कातिल हसीनाएं की धूम रही। महिलाओं ने गीत-संगीत पर धमाल मचाया तो 90 दशक के बॉलीवुड हसीनाओं की अदाओं से सभी को मुग्ध कर दिया। तीज क्वीन विजेताओं को पुरस्कृत किया गया। संस्था की अध्यक्षा पूनम केजरीवाल, सचिव श्वेता खेतान आदि ने गौरी शंकर व गणेश जी की पूजा की। फिर महिलाओं ने रैंप वॉक किया। इस दौरान यशा मोदी, आयुषी जिंदल, अर्चना मोदी, प्रीति बजरिया मौजूद रहीं।
रोजगार मांगने पर नौजवानों पर बरसाई जा रही लाठियां: सांसद वीरेंद्र सिंह
सपा के अर्दली बाजार स्थित कार्यालय में शनिवार को युवा संगठनों के प्रदेश व्यापी छात्र-नौजवान पीडीए जागरूकता अभियान के तहत संगोष्ठी हुई। इसके मुख्य अतिथि चंदौली सांसद वीरेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान सरकार छात्रों नौजवानों को अपमानित करने का काम कर रही है। इस सरकार में लोकतांत्रिक ढंग से छात्रों नौजवानों की ओर से रोजगार मांगने पर लाठियां बरसाई जाती हैं। आप लोग अपने हक और अधिकार के लिए इसी तरह संघर्ष करते रहिए।
विशिष्ट अतिथि स्नातक एमएलसी आशुतोष सिन्हा ने कहा कि हर आंदोलन में आपके साथ भाई की तरह खड़ा नजर आऊंगा। समाजवादी महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव ने कहा कि यह सरकार छात्रों और नौजवानों से डरी हुई है यही कारण है कि विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में छात्र संघ चुनाव पर रोक लगा दी गई है। इस अभियान के प्रभारी चंद्रशेखर यादव और शिवम कश्यप, डॉ. उमाशंकर सिंह यादव, संदीप मिश्रा, आयुष यादव आदि मौजूद रहे।
सिंधोरा के जलभराव का नगर आयुक्त और वीडीए उपाध्यक्ष ने किया निरीक्षण
सिंधोरा मार्ग पर आ रहे जलभराव की समस्या को दूर करने के लिए शनिवार को मौके पर नगर आयुक्त अक्षत वर्मा और वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने जलनिगम के प्रस्तावित योजना का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान मौके पर मौजूद जलकल के महाप्रबंधक आदि को हिदायत दी गई। निर्माण कार्य को समय से पूरा कराने और अधिकारियों को मानीटरिंग की जिम्मेदारी दी गई।
वीडीए ने सारनाथ में एक बीघा की अवैध प्लाॅटिंग कराई ध्वस्त
वीडीए की ओर से शनिवार को सारनाथ में एक बीघा की अवैध प्लाटिंग ध्वस्त कराई गई। वीडीए उपाध्यक्ष पुलकित गर्ग के अनुसार बनकट और चौबेपुर में अज्ञात की ओर से अवैध प्लाटिंग विकसित की जा रही थी। जानकारी मिलने पर प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल के साथ अवैध निर्माण ध्वस्त कराया।
समस्याओं को लेकर नाविकों की हुई बैठक
मां गंगा निषाद राज सेवा समिति की ओर में शनिवार को डॉ. राजेंद्र प्रसाद घाट पर नाविकों की बैठक हुई। इसमें नाविकों ने नौका संचालन शुरू कराने पर जिला प्रशासन को आभार जताया। साथ ही नाविकों की समस्याओं पर चर्चा हुई। विनोद कुमार निषाद ने कहा कि डेढ़ माह से नाव का संचालन में प्रतिबंध लगाया गया था, जिसके कारण मांझी समाज के रोजी-रोटी पर संकट आ गया था, अब नौका संचालन शुरू होने से नाविकों के लिए अच्छा हो गया है। बैठक में लवकुश माझी, रामकिशन माझी, नीरज साहनी, अजीत साहनी, पप्पू माझी आदि लोग मौजूद रहे।
क्लब के कार्यक्रमों में भागीदारी सबकी जिम्मेदारी
रोटरी क्लब वाराणसी मिडटाउन की ओर से आयोजित न्यू मेम्बरशिप ओरिएंटेशन कार्यक्रम में नवागत सदस्यों को क्लब की गतिविधियों से अवगत कराया गया। पूर्व मंडल अध्यक्ष रोटेरियन बीडी गुजराती ने कहा कि क्लब की ओर से होने वाले सभी कार्यक्रमों में सदस्यों को बढ़ चढ़कर भागीदारी करनी चाहिए। किसी भी संस्था के लिए उसके सदस्य ही मजबूत कड़ी होते हैं। हर नए सदस्य के लिए वरिष्ठ सदस्य को मार्गदर्शन करते रहने की जरूरत है। इस दौरान डॉ. केपी सिंह, राजेश गुप्ता, राजू राय, आशुतोष द्विवेदी, वीरेंद्र कपूर मौजूद रहे।
बरेका के सूर्य सरोवर संरक्षण क्लब का उद्घाटन
बरेका स्थित सूर्य सरोवर के संरक्षण के लिए सरोवर संरक्षण क्लब का उद्घाटन प्रमुख मुख्य इंजीनियर व क्लब के अध्यक्ष वीके शुक्ला ने किया। कर्मियों ने बताया कि संस्था के सदस्यों की ओर से सरोवर की देखभाल, अवांछनीय तत्वों की आवाजाही पर लगाम लगाने और सरोवर की साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। कार्यक्रम में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी कर्मशाला व सरोवर संरक्षण क्लब के सचिव राजेश कुमार, सहायक कार्मिक अधिकारी पीयूष मिंज रहे।
नगर आयुक्त ने जेडएसओ को दी प्रतिकूल प्रविष्टि
नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पीके शर्मा से बदसलूकी के मामले में नगर आयुक्त अक्षत वर्मा ने जोनल स्वास्थ्य अधिकारी (जेडएसओ) रविचंद्र निरंजन को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। साथ ही प्रमुख सचिव नगर विकास को पत्र भेजकर उनके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की संस्तुति की है। इसके साथ ही नगर स्वास्थ्य अधिकारी को चेतावनी दी है कि भविष्य में दोबारा इस प्रकार की घटना न हो।
बीते 16 अगस्त को नगर स्वास्थ्य अधिकारी ने आरोप लगाया था कि उनके कार्यालय में घुसकर जेएसओ ने उनके साथ मारपीट की। उनके अनुसार रामनगर वार्ड का काम देखने वाले जेएसओ को अपने कमरे में बुलाकर साफ सफाई के बारे में बातचीत की। इस दौरान दोनों लोगों के बीच बहस होने लगी। मामला हाथापाई तक पहुंच गया। यह बात सामने आने के बाद नगर आयुक्त ने अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य से जांच कराई। जांच के दौरान साक्ष्यों के आधार पर नगर आयुक्त ने कार्रवाई की है। इस मामले को लेकर नगर निगम की काफी किरकिरी हुई थी।
कंपोजिट विद्यालय कोटवा की शिक्षिका सम्मानित
चिरईगांव विकास खंड के कंपोजिट विद्यालय कोटवा की सहायक अध्यापक रचना को उल्लेखनीय शिक्षण सेवा के लिए सम्मानित किया गया है। शिक्षक दिवस पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से विकास भवन में सीडीओ हिमांशु नागपाल ने उन्हें सम्मानित किया। शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग से 30 महत्वपूर्ण मानक तैयार किए गए थे। सभी मानकों पर खरा उतरने पर रचना को सम्मानित किया गया। उत्कृष्ट कार्य और शिक्षण के लिए सम्मान पाने वाली शिक्षिका रचना को शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष ज्योति भूषण त्रिपाठी, पारथेश्वर पांडेय, अजय कुमार सिंह ने बधाई दी।
सेवापुरी के सकलपुर में विराट कुश्ती दंगल स्थगित
सेवापुरी ब्लॉक के सकलपुर गांव में विराट कुश्ती दंगल 7 सितंबर को होना था, लेकिन बारिश की वजह से इसे स्थगित कर दिया गया। बुजुर्गों ने बताया कि इस बार आयोजन 102 साल का हो जाएगा। कुश्ती दंगल के अध्यक्ष आशीष सिंह ने बताया कि इससे कुश्ती प्रेमियों में निराशा है।
पूर्वांचल के 9 युवाओं को दुबई में मिला जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को रोजगार मेले में 1160 अभ्यर्थी शामिल हुए। 9 युवाओं को दुबई में अधिकतम 6 लाख सालाना जॉब ऑफर मिला। जबकि 86 युवाओं को देश में अधिकतम 3 लाख का सालाना पैकेज का ऑफर मिला। जिसमें 2 महिलाएं भी शामिल हैं।
मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि मेले में आठ कंपनियां आई थीं। कुछ कंपनियों ने लिखित परीक्षा तो कुछ ने साक्षात्कार लिया। मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और 18 से 35 वर्ष के बीच के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। उन्होंने बताया कि 13 सितंबर को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर चौका घाट में रोजगार मेला लगेगा। अभ्यार्थियों को शैक्षणिक प्रमाण पत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड लाना होगा।
राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए आवेदन 10 से
शैक्षणिक सत्र 2024-25 में उल्लेखनीय कार्य करने वाले माध्यमिक शिक्षकों को पुरस्कृत करने की तैयारी शुरू हो गई है। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों, अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों और अशासकीय सहायता प्राप्त संस्कृत विद्यालयों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक एवं अध्यापक को राज्य पुरस्कार और अशासकीय माध्यमिक विद्यालय वित्तविहीन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रधानाचार्य, प्रधानाध्यापक और अध्यापकों को मुख्यमंत्री अध्यापक पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन की तिथि 10 सितंबर से 15 अक्तूबर निर्धारित की गई है।
शोध में व्यावहारिक कार्य को मिले ज्यादा महत्व : अतुल कोठारी
काशी हिंदू विश्वविद्यालय के कृषि विज्ञान संकाय में शनिवार को विश्वविद्यालय और शिक्षा-संस्कृति उत्थान न्यास की ओर से दो दिवसीय राष्ट्रीय कार्यशाला शुरू हुई। अनुसंधान, नवाचार एवं भारतीय ज्ञान परंपरा (प्रबंध, वाणिज्य एवं अर्थशास्त्र के विशेष संदर्भ में) विषय पर मुख्य अतिथि शिक्षा-संस्कृति उत्थान न्यास के राष्ट्रीय सचिव अतुल कोठारी ने कहा कि शोध में व्यावहारिक कार्य को ज्यादा महत्व दिया जाना चाहिए।
विशिष्ट अतिथि गुरु घासी दास केंद्रीय विश्वविद्यालय बिलासपुर छत्तीसगढ़ के कुलपति प्रो. आलोक कुमार चक्रवाल ने कहा कि शोध के छात्र-छात्राओं को पढ़ाई के साथ-साथ अन्य कार्य करने की प्रणाली को अपनाना चाहिए। शुरुआत कृषि अर्थशास्त्र के सीनियर प्रो. राकेश सिंह ने की। कार्यशाला में कृषि प्रसार विभाग के अध्यक्ष डॉ. कल्याण, सुनील कुमार सिंह और शोध स्कॉलर उपस्थित रहे। संचालन प्रो. उदय प्रताप सिंह ने किया। धन्यवाद प्रो. विवेकानंद उपाध्याय ने किया।
शहीदों को किया गया नमन
त्रिशक्ति सेवा फाउंडेशन और हिंदू युवा वाहिनी के संयुक्त तत्वावधान में शनिवार को मैदागिन स्थित गुरु गोरक्षनाथ मठ में एक शाम देश के महान क्रांतिकारियों के नाम कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसमें शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन हुआ।
मुख्य अतिथि शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि हिंदू युवा वाहिनी की तरफ से हर साल राष्ट्रीय गीत दिवस के अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जो सराहनीय है। हिंदू युवा वाहिनी के मंडल प्रभारी अंबरीश सिंह भोला ने बताया कि इस कार्यक्रम के माध्यम से हर किसी को देश की आजादी के लिए कुर्बानी देने वाले महापुरुषों की याद दिला जाती है। गायक व अभिनेता मनोहर सिंह ने देशभक्ति गीत की प्रस्तुति दी।
कलाकारों ने देश की आन-बान-शान का प्रतीक तिरंगा हवा में लहराते हुए राष्ट्रीय गीत वंदेमातरम गाया। इस दौरान योगी रामनाथ, डॉ. अरविंद सिंह और व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
ग्रामीणों को दोना-पत्तल बनाने की 10 मशीन मिलेगी
उत्तर प्रदेश खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की ओर से ग्रामीणों को आत्मनिर्भर बनाने के लिए दोना-पत्तल बनाने वाले कारीगरों एवं उद्योग में रुचि रखने वालों को 10 सेमी मोटराइज्ड मशीन निशुल्क दी जाएगी। जिला ग्राम उद्योग अधिकारी यूपी सिंह ने बताया कि इसके लिए ऑनलाइन आवेदन विभाग की वेबसाइट upkvib.gov.in पर करना होगा। चयनित लाभार्थियों को मशीन दी जाएगी। ऑनलाइन आवेदन की हार्ड काॅपी जिला ग्रामोद्योग कार्यालय टकटकपुर में जमा करनी होगी।
तकनीकी शिक्षा से प्राचीन विद्या को जोड़ने से होगा सांस्कृतिक पुनर्जागरण
शिक्षक दिवस पर भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) मंडी में संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा मुख्य अतिथि रहे। कहा कि वर्तमान युग में तकनीकी शिक्षा जितनी महत्वपूर्ण है, उतनी ही प्रासंगिक भारतीय संस्कृति और वैदिक विद्याओं का संरक्षण एवं संवर्धन भी है।
प्रो. शर्मा ने कहा कि भारत की प्राचीन शिक्षा पद्धति, जो वेदों और शास्त्रों पर आधारित है, हमारे जीवन के हर पहलू को प्रभावित करती है। यदि हम इन प्राचीन विद्याओं को आधुनिक तकनीकी शिक्षा के साथ जोड़ सकें, तो यह न केवल हमारे राष्ट्र के सांस्कृतिक पुनर्जागरण में सहायक होगा, बल्कि वैश्विक स्तर पर भी एक नई दिशा का मार्ग प्रशस्त करेगा।
वैदिक विद्याओं में निहित ज्ञान, योग, आयुर्वेद, और पर्यावरण संतुलन जैसे विषय आज के युग में भी अत्यंत प्रासंगिक हैं और इनका संरक्षण आवश्यक है। आईआईटी मंडी के निदेशक प्रो. लक्ष्मीधर बहेरा और संकाय सदस्यों ने प्रो. शर्मा के विचारों की सराहना की और तकनीकी शिक्षा के साथ सांस्कृतिक मूल्यों के समन्वय की दिशा में कार्य करने की प्रतिबद्धता व्यक्त की।
नैक के कारण स्थगित काशी विद्यापीठ की सेमेस्टर परीक्षाएं नौ से
महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ की 21 अगस्त से चार सितंबर तक प्रस्तावित सेमेस्टर परीक्षाएं नैक मूल्यांकन की तैयारियों के कारण निरस्त कर दी गई थीं। लेकिन दो, तीन और चार सितंबर को होने वाला नैक मूल्यांकन स्थगित हो गया। इसे नैक बंगलूरू की टीम ने ही स्थगित कर दिया। अब काशी विद्यापीठ ने इन परीक्षाओं को री-शेड्यूल किया है।
स्थगित सेमेस्टर परीक्षाएं नौ सितंबर से कराई जाएंगी। कुलानुशासक प्रो. केके सिंह ने बताया कि 25 सितंबर को दीक्षांत समारोह है। नैक मूल्यांकन और सेमेस्टर परीक्षाएं पूर्व पूरी कराने का प्रयास किया जा रहा है। ताकि अगला सत्र समय पर शुरू किया जा सके। गौरतलब है कि काशी विद्यापीठ की प्रवेश परीक्षा के बाद रिजल्ट निकालने की तैयारी की जा रही है।
12 लोगों को मिलेगा शारदा शताब्दी सम्मान
श्री शारदा सर्वज्ञ पीठ कश्मीर की ओर से श्री शारदा शताब्दी सम्मान समारोह का आयोजन किया जाण्गा। आठ सितंबर को दीनदयाल हस्तकला संकुल बड़ालालपुर में आयोजित सम्मान समारोह में 12 विभूतियों को सम्मानित किया जाएगा। यह जानकारी आयोजन समिति के अध्यक्ष डॉ. नवीन सिंह ने दी। रविवार को होने वाले आयोजन के मुख्य अतिथि सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति एन कोटिस्वर सिंह होंगे। श्री शारदा सर्वज्ञ पीठाधीश्वर श्रीमद्जगदगुरु शंकराचार्य स्वामी अमृतानंद देवतीर्थ भी मौजूद रहेंगे।
प्रादेशिक हैंडबॉल के लिए वाराणसी की टीम घोषित
प्रादेशिक हैंडबॉल प्रतियोगिता के लिए शनिवार को वाराणसी मंडल की टीम घोषित कर दी गई। चयनित टीम के सदस्य झांसी में प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेंगे। वाराणसी मंडल की सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता 20 से 24 सितंबर तक होगी। संयोजक डॉ़ अशोक कुमार सिंह ने बताया कि अंडर-19 बालक वर्ग में 12 सदस्यीय टीम घोषित हुई है। विजय कनौजिया, प्रिंस यादव, आयुष, रुद्रांश, अजय यादव, आर्यन राजभर, ऋतिक कुमार, अभिषेक मौजूद रहे।
बीएचयू में स्वयंसेवकों ने लगाए पौधे
बीएचयू में राष्ट्रीय स्वयंसेवकों ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधे लगाकर देखभाल का संकल्प लिया। एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत कीट विज्ञान विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. श्रीनिवास एन के नेतृत्व में स्वयंसेवकों ने 200 से अधिक पौधे लगाए। अनिल सिंह ने छात्रों को पौधा भेंट किया और संरक्षण की शपथ दिलाई। इस दौरान छात्र अधिष्ठाता प्रो. एके नेमा, प्रो. आरएन मीना, प्रो. बीके सरमा, प्रो. ए रक्षित मौजूद रहे।
तीसरे चरण में शनिवार को 73 विद्यार्थियों ने लिया एडमिशन
युवाओं को हुनरमंद बनाने के लिए प्रदेश सरकार की ओर से राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में विभिन्न ट्रेडों में प्रशिक्षण के लिए प्रवेश की प्रक्रिया चल रही है। आईटीआई करौंदी में 2024 में 30 ट्रेडों की कुल 1240 सीटों पर दाखिले हो रहे हैं। शनिवार को तीसरे चरण में 73 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया। प्रधानाचार्य मुकेश कुमार सिंह ने कहा कि प्रवेश का तीसरा फेज बृहस्पतिवार से शुरू हुआ है। जो सोमवार तक चलेगा। अब तक 1240 सीट के सापेक्ष 907 सीटों पर अभ्यार्थियों ने प्रवेश ले लिया है।
रोजगार मेले में 95 युवाओं को मिला जॉब ऑफर
क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय में शनिवार को रोजगार मेले में 1160 अभ्यर्थी शामिल हुए। 7 कंपनियों ने 95 अभ्यार्थियों का चयन किया। मेला प्रभारी दीप सिंह ने बताया कि कुछ कंपनियों ने लिखित परीक्षा तो कुछ ने साक्षात्कार किया।
मेले में हाईस्कूल, इंटरमीडिएट, स्नातक, आईटीआई और 18 वर्ष से 35 वर्ष के बीच के अभ्यर्थियों ने भाग लिया। 10,000 से 25,000 रुपये का जॉब ऑफर मिला है। 13 सितंबर को क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर चौका घाट पर फिर से मेला लगेगा। अभ्यार्थियों को शैक्षणिक प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट साइज फोटो, आधार के साथ आना होगा।
समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के सचिव बने सुन्नी सोनकर
वाराणसी के चौकाघाट ढेलवरिया निवासी सुन्नी सोनकर को समाजवादी अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ में राष्ट्रीय कार्यकारिणी में सचिव नामित किया गया। इसका पत्र प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष व्यासजी गोंड की ओर से जारी किया गया। सुन्नी सोनकर को नई जिम्मेदारी मिलने पर पार्टी के पदाधिकारियों ने खुशी जताई।
नगर निगम के पांच कर्मचारी सम्मानित
वायु प्रदूषण दिवस पर शनिवार को नगर निगम में पांच कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। एअर पोल्यूशन ग्रुप की ओर से नगर निगम में आयोजित कार्यक्रम में अपर नगर आयुक्त दुष्यंत कुमार मौर्य ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इन सभी कर्मचारियों ने विगत वर्ष में वायु प्रदूषण कम करने के लिए अच्छा कार्य किया था। सम्मानित होने वाले कार्मिकों में सफाई निरीक्षक विनयानंद द्विवेदी, राजन यादव, सुजीत कुमार, अवर अभियंता दिनेश प्रसाद, विनय कुमार चौधरी शामिल रहे।