सेवापुरी। कपसेठी थाना क्षेत्र के कुरु चौराहे पर सोमवार देर रात स्पीड ब्रेकर पर असंतुलित होकर बाइक सवार गिर पड़ा। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस उसे लेकर बसनी के राजकीय अस्पताल पहुंची, जहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान बड़ागांव थाना क्षेत्र के कोदई गांव निवासी राजन उर्फ धर्मराज (25) के रूप में हुई है। राजन उर्फ धर्मराज बाइक से सोमवार रात कालिका धाम की ओर से घर लौट रहा था। कुरु चौराहे के पास स्पीड ब्रेकर पर उसने संतुलन खो दिया और गिर गया। हादसे में गंभीर चोट आने से उसकी मौत हो गई। थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि वह दो भाइयों में सबसे छोटा था और अविवाहित था। पिता और बड़ा भाई मुंबई में रहकर काम करते हैं। घटना की सूचना परिवार वालों को दे दी गई है। संवाद