काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का सिंह द्वार
- फोटो : अमर उजाला
काशी की धरोहरों में जल्द काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) का सिंह द्वार और कला संकाय भी शुमार होगा। इन्हें संरक्षित करने के साथ ही पर्यटन विभाग इसे संवारेगा। बीएचयू के साथ ही पर्यटन विभाग संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन का भी सुंदरीकरण कराएगा। शासन से इसकी मंजूरी मिल गई है। ये तीनों ही काम पहले फेज में कराए जाने हैं।
उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग काशी के प्रमुख हेरिटेज भवनों के सुंदरीकरण की योजना तैयार की है। उपनिदेशक पर्यटन आरके रावत के मुताबिक पांच करोड़ की धनराशि से काशी हिंदू विश्वविद्यालय के सिंह द्वार और कला संकाय में फसाड लाइट, बेंच और साइनेज लगाए जाएंगे। संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के मुख्य भवन पर भी पांच करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
232 वर्ष पुराना है संपूर्णानंद के मुख्य भवन का इतिहास
संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय का मुख्य भवन वास्तु कला का बेहतरीन नमूना है। यहां विश्वविद्यालय की उपलब्धियों को भी अंकित किया जाएगा। इसी तरह कला संकाय के बाहर लगाए जाने वाले साइनेज उसकी प्राचीनता और शैक्षणिक वैभव को दर्शाएंगे।