बीएचयू के बिरला हॉस्टल में रविवार को छात्रों को बिजली-पानी की समस्या से जूझना पड़ा। परेशान छात्रों ने पहले इस बारे में जानकारी करनी चाही लेकिन जब सही जानकारी नहीं मिल सकी तो हॉस्टल के बाहर धरने पर बैठ गए। यहां उन्होंने अव्यवस्था के खिलाफ नारेबाजी करते हुए हॉस्टल में सुविधाओं पर प्रशासन के ध्यान न देने की बात कही। कहा कि आए दिन कभी बिजली तो कभी पानी का संकट बना रहता है। इसकी शिकायत भी की जाती है लेकिन हर बार केवल आश्वासन ही मिलता है, कार्रवाई के नाम पर कुछ नहीं होता। बताया कि रविवार सुबह से ही बिजली नहीं थी, इस वजह से पानी भी नहीं आया। उधर, छात्रों के विरोध के बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे व्यवस्था बहाल हो सकी।