राष्ट्रीय युवा महोत्सव में भाग लेने के लिए बीएचयू के छात्रों की टीम सोमवार को चेन्नई रवाना हो गई। 10 से 14 मार्च तक 20 से ज्यादा प्रतियोगिताओं में हिस्सेदारी करेंगे। इससे पहले वाले चरण में बीएचयू ने महर्षि मार्कंडेय विवि अंबाला में 28 प्रतियोगिताओं में 15 पदक जीतकर पार कर लिया है। छात्र कल्याण अध्यक्ष प्रो. रंजन कुमार सिंह ने बताया कि राष्ट्रीय युवा महोत्सव में देशभर के लगभग 155 से भी ज्यादा विवि हिस्सा ले रहे हैं। बीएचयू के सांस्कृतिक दल का नेतृत्व पत्रकारिता और जन संप्रेषण विभाग के एसोसिएट प्रो. डॉ. बाला लखेंद्र कर रहे हैं। इस महोत्सव में बीएचयू के छात्र-छात्राएं उत्तर प्रदेश के पारंपरिक लोक नृत्य और काशी के सांस्कृतिक धरोहर पर आधारित झांकियों की प्रस्तुतियां देंगे। युवा महोत्सव में बीएचयू की टीम संगीत संवर्ग में शास्त्रीय संगीत और सुगम संगीत, लिटरेरी संवर्ग में क्विज और हिंदी वाद-विवाद के साथ फाइन आर्ट्स संवर्ग में ऑन स्पॉट पेंटिंग और पोस्टर प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा दिखाएंगी। ब्यूरो