21 दिसंबर तक छात्र कर सकेंगे आवेदन, 300 से 600 रुपये देनी होगी फीस
माई सिटी रिपोर्टर
वाराणसी। बीएचयू में पीजी डिप्लोमा और स्पेशल कोर्स में एडमिशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। 2024-25 के लिए 56 स्पेशल कोर्स का एक ऑनलाइन लिंक विश्वविद्यालय की ओर से जारी कर दिया गया है। इसमें छात्र 21 दिसंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। नियमानुसार 300 से 600 रुपये की फीस भी देनी होगी।डिप्लोमा और स्पेशल कोर्स का बुलेटिन वेबसाइट पर जारी किया गया है। जनरल केटेगरी के अभ्यर्थियों को एक विषय के 600 और एससी-एसटी के लिए 300 रुपये देने होंगे। अभ्यर्थी को दूसरे कोर्स में आवेदन के लिए जनरल और ओबीसी कैटेगरी में 400 और बाकी को 200 देने होंगे। हालांकि, अभी इस कोर्स में आवेदन नहीं शुरू हो सका है। एडमिशन पोर्टल बीएचयू ऑनलाइन पर स्पेशल कोर्स में सूचना को फ्लैश कर दिया है। हर साल 60 या इससे ज्यादा डिप्लोमा कोर्स में एडमिशन होते थे, लेकिन इस साल छह से ज्यादा कोर्स को बंद करने के बाद अब 56 कोर्स बचे हैं। बीएचयू पीजी डिप्लोमा कोर्स को लेकर छात्रों को लंबे समय से इंतजार था। जिन छात्र या छात्राओं का रेगुलर कोर्स में एडमिशन नहीं हो पाया था, वे कैंपस में फिर से डिप्लोमा या सर्टिफिकेट कोर्स की क्लास कर सकते हैं। इसमें छह महीने से लेकर एक साल और दो-दो साल के डिप्लोमा कोर्स हैं।