सीएचएस समेत काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से संचालित स्कूलों में 48 शिक्षण पदों पर भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि एक सप्ताह के लिए बढ़ा दी गई है। इन पदों के लिए बीएचयू में चयन प्रक्रिया चल रही है। विश्वविद्यालय से संचालित सेंट्रल हिंदू बॉयज स्कूल, सेंट्रल हिंदू गर्ल्स स्कूल और रणवीर संस्कृत विद्यालय में प्रधानाचार्य के तीन, पीजीटी शिक्षकों के नौ, टीजीटी शिक्षकों के 29 और प्राइमरी शिक्षकों के सात पदों के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब 19 जुलाई है, जबकि डॉउनलोड किए गए भरे हुए आवेदन फॉर्म और सभी संलग्नक विश्वविद्यालय को भेजने की अंतिम तिथि 24 जुलाई है। भर्ती से जुड़ी अधिक जानकारी विश्वविद्यालय की वेबसाइट के रिक्रूटमेंट पेज www.bhu.ac.in/RAC से प्राप्त की जा सकती है। उल्लेखनीय है कि पहले ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 12 जुलाई और डाउनलोड किए गए भरे हुए आवेदन फॉर्म भेजने की अंतिम तिथि 17 जुलाई थी। ब्यूरो