बीएचयू के नवनियुक्त कुलपति प्रो. एसके जैन
- फोटो : अमर उजाला
काशी हिंदू विश्वविद्यालय बीएचयू के नवनियुक्त कुलपति प्रो. सुधीर कुमार जैन विश्वविद्यालय में छह दिन रहे और बिना कार्यभार ग्रहण किए 15 दिसंबर की रात बाबतपुर एयरपोर्ट से गांधीनगर लौट गए। इन छह दिनों में उन्होंने महिला महाविद्यालय के प्राचार्य से मुलाकात की। परिसर को दो हॉस्टलों में गए।
सेंट्रल डिस्कवरी सेंटर, सेंट्रल हिंदू स्कूल का दौरा करने के बाद एलडी गेस्ट हाउस में संकाय प्रमुख, निदेशकों, अधिकारियों, शिक्षकों संग बैठक भी की। केंद्रीय कार्यालय में इंस्टीट्यूट आफ एमिनेंस के सदस्यों के साथ भी बैठक की। वह काशी के घाटों पर भी गए।
बाबतपुर एयरपोर्ट से बुधवार रात 10 बजे की फ्लाइट से वापस चले गए। विश्वविद्यालय के प्रभारी वीसी के साथ ही अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अब प्रो. सुधीर जैन कार्यभार ग्रहण करने कब आएंगे, इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं।
नियुक्ति के 28 दिन बाद विश्वविद्यालय पहुंचे थे
आईआईटी गांधीनगर के निदेशक प्रो. सुधीर कुमार जैन को शिक्षा मंत्रालय ने 13 नवंबर को बीएचयू का कुलपति नियुक्त किया था। इसके बाद से लोग उनके कार्यभार ग्रहण करने का इंतजार कर रहे थे। नियुक्ति के 28 दिन बाद वह विश्वविद्यालय पहुंचे थे।