वाराणसी। बीएचयू के आयुर्वेद संकाय में चलने वाले भूत विद्या के सर्टिफिकेट कोर्स में प्रवेश के लिए विदेशों से भी मेडिकल छात्रों ने आवेदन किया है। सात सीट वाले इस कोर्स में 30 जून तक कुल 10 लोगों ने आवेदन किया है। अब विश्वविद्यालय द्वारा फार्म जांच के बाद प्रवेश लेने वालों की सूची जारी की जाएगी। संकाय में शुरू होने वाले इस कोर्स को लेकर छात्रो की बड़ी रुचि है। पूर्व संकाय प्रमुख प्रोफ़ेसर यामिनी भूषण त्रिपाठी ने बताया कि संकाय में कुल 4 नए सर्टिफिकेट कोर्स शुरू किए गए हैं, इसमें इंटीग्रेटेड मेडिसिन भूत विद्या भी शामिल है। उन्होंने बताया कि इन सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम में आवेदन के लिए अंतिम तिथि 30 जून थी और बड़ी संख्या में छात्रों ने आवेदन किया है। बताया कि जहां तक भूत विद्या की बात है तो इसके लिए इंग्लैंड सहित विदेश में रहने वाले मेडिकल छात्रों ने भी आवेदन किया है। बताया कि 30 जून तक जो भी आवेदन आए हैं अब उनकी जांच के बाद नियमानुसार प्रवेश लेने वालों की सूची संकाय की ओर से जारी की जाएगी। बताया कि इंटीग्रेटेड मेडिसिन में भी छात्रों की रुचि अधिक दिख रही है।