सादात। ग्राम सभा सौरी स्थित मां चंडिका मंदिर परिसर में श्रीमद्भागवत कथा के पांचवें दिन मंगलवार को स्वामी हरिहरानंद ने श्रीकृष्ण द्वारा माखन चोरी के प्रसंग की कथा का वर्णन कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। कहा कि श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन के लिए कल्याणकारी है। अयोध्या से पधारे स्वामी लालजी महाराज ने रुक्मिणी के विवाह का रोचक वर्णन किया। कहा कि मनुष्य का जीवन बहुत दुर्लभता से मिला है। इसे व्यर्थ की बातों में न गवाएं। भगवान श्रीकृष्ण से जुड़ी लीला का प्रस्तुतिकरण देखकर श्रद्धालु झूम उठे। मंगलवार को दोपहर में गांव के सभी श्रद्धालुओं का रुद्राभिषेक का कार्यक्रम विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न कराया गया। श्रीमद्भागवत कथा 25 मार्च तक चलेगी। कथा के अंतिम दिन भंडारा का आयोजन किया जाएगा। कथा मां चंडिका मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष प्रिंस राय की देखरेख में संपन्न कराई जा रही है। इसमें निवर्तमान ग्राम प्रधान चंदबाला चौबे, अनिल चौबे, रमाशंकर राय, संजय राय और संरक्षक शिवानंद राय अपना सहयोग प्रदान कर रहे हैं। राजकीय हाईस्कूल सौरी के प्रधानाचार्य रामअवतार यादव भी इस अवसर पर उपस्थित थे।