बनारस क्लब में जिम कर रही महिला का वीडियो वायरल करने वाले सदस्य को अनुशासन समिति की जांच में दोषी करार दिया गया है। सात सदस्यीय समिति ने अपनी रिपोर्ट क्लब के अध्यक्ष मंडलायुक्त कौशल राज शर्मा को सौंप दी है। निलंबित सदस्य पर कार्रवाई के लिए जल्द ही एक्जीक्यूटिव समिति में चर्चा होगी।
दरअसल, नौ अगस्त को क्लब के एक सदस्य ने दूसरे सदस्य अमृतांशु पाठक के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। इसमें उनका आरोप है कि वे अपनी पत्नी के साथ जिम में अभ्यास कर रहे थे। इस दौरान जिम करते महिला की वीडियो आपत्तिजनक शब्दों के साथ वायरल किया गया।
आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर
क्लब के सचिव दीपक मधोक ने अध्यक्ष की संस्तुति पर आरोपी की सदस्यता निलंबित करते हुए उनके खिलाफ जांच के लिए सात सदस्यीय अनुशासन समिति भी गठित की। सात सदस्यीय समिति ने जांच पूरी कर अपनी रिपोर्ट मंडलायुक्त को सौंप दी है। इसमें निलंबित सदस्य को दोषी पाया गया है। क्लब के अध्यक्ष कौशल राज शर्मा ने बताया कि समिति की रिपोर्ट का अध्ययन कराया जा रहा है। इसमें निलंबित सदस्य के खिलाफ आगे की कार्रवाई के लिए एक्जीक्यूटिव समिति के समक्ष रिपोर्ट रखी जाएगी।