प्रदेश में होने वाली बीएड प्रवेश परीक्षा लाइव सीसीटीवी सर्विलांस के दायरे में होगी। इसकी तैयारी चल रही है। यह परीक्षा बुंदेलखंड विश्वविद्यालय द्वारा कराई जा रही है। सभी सेंटर्स पर अभ्यर्थियों की अटेंडेंस बॉयोमीट्रिक एवं फेस रिकग्निशन के आधार पर की जाएगी। जिला प्रशासन के सहयोग से सभी सेंटरों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। हर सेंटर में एक सेंटर रिप्रेजेंटेटिव और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की नियुक्ति की जाएगी। प्रदेश के सभी 75 जिलों में 15 जून को एक साथ बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा 2023 का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें करीब 4.73 लाख परीक्षार्थी सम्मिलित होंगे। मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र के समक्ष बीएड संयुक्त प्रवेश परीक्षा से संबंधित कार्ययोजना के प्रस्तुतिकरण में परीक्षा की पवित्रता, सुरक्षा और सिक्योरिटी के विषय में पूरा विवरण दिया गया। इसके अंतर्गत प्रदेश के सभी सेंटर्स में लाइव सीसीटीवी सर्विलांस की सुविधा प्रदान की गई है, जिसका संचालन 12 जून तक यूनिवर्सिटी द्वारा शुरू कर दिया जाएगा। यही नहीं,परीक्षा की दोनों शिफ्ट के दौरान सेंटर सुपरिटेंडेंट द्वारा यह सुनिश्चित किया जाएगा कि सभी प्रतिभागियों का बायोमीट्रिक या फेस रिकग्निशन के द्वारा अटेंडेंट लिया जाए। प्रत्येक जिले में एक सिटी इंचार्ज होगा, जो डीएम नामित करेगा। इसी तरह 2 सेंटर पर एक सेंटर रिप्रेजेंटेटिव भी होगा, जबकि प्रत्येक एग्जामिनेशन सेंटर पर एक स्टैटिक मजिस्ट्रेट नियुक्त होगा। इनके सपोर्ट में बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के रिप्रेजेंटेटिव, नोडल ऑफिसर और डिप्टी नोडल ऑफिसर रहेगा।
तय की गई है सभी घटकों की भूमिका
प्रवेश परीक्षा को तीन घटकों में विभाजित किया गया है जिसमें बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी के अलावा सभी जिलों का प्रशासन और 16 अन्य नोडल यूनिवर्सिटी सम्मिलित हैं। परीक्षा से संबंधित सभी कॉन्फिडेंशियल मटेरियल (ओएमआर शीट व पेपर समेत अन्य) को जिला कोषागार में जमा करने से लेकर उसे एग्जाम सेंटर तक पहुंचाने की जिम्मेदारी डीएम द्वारा नामित सिटी इंचार्ज द्वारा निभाई जाएगी। स्टेटिक मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में सभी कॉन्फिडेंशियल मैटेरियल्स तय समय पर खोले जाएंगे। क्वेश्चंस बुकलेट और ओएमआर शीट का डिस्ट्रिब्यूशन एवं कलेक्शन सुनिश्चित करने के अलावा परीक्षा के समय निरीक्षण का कार्य स्टेटिक मजिस्ट्रेट के जिम्मे होगा।