विधानसभा चुनाव के छठे चरण के तहत आज पूर्वांचल के सात जिलों की 49 सीटों के लिए मतदान शाम पांच बजे समाप्त हो गया है। इसी के साथ चुनाव के मैदान में खड़े उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला भी ईवीएम में कैद हो गया।
मतदान शांतिपूर्वक संपन्न हुआ। कहीं से किसी अप्रिय घटना की खबर नहीं है। छठे चरण के मतदान के तहत बलिया के सात विधानसभा क्षेत्रों में 57.16,आजमगढ़ के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 56.02 जबकि मऊ में 58.91 फीसदी वोटिंग दर्ज की है।
छठे चरण में नेपाल से सटे महराजगंज और कुशीनगर के साथ-साथ गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ तथा बलिया जिलों में सुबह सात बजे से मतदान शुरू हो गया था।
कुशीनगर में 59.35,गोरखपुर में 55.27 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई। बलिया जिले के बेल्थरारोड में 58.93, रसड़ा में 57.31,सिकंदरपुर में 56.97,फेफना में 57.38,बलिया नगर में 58.16,बांसडीह में 56.17 और बैरिया में 55.16 फीसदी वोटिंग दर्ज की गई।