वाराणसी। कैंट थाना क्षेत्र के पांडेयपुर इलाके में बुधवार दोपहर कुछ युवकों ने दो दोस्तों पर चाकू और चापड़ से हमला कर दिया। दोनों युवक घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर में अवनीश जायसवाल ने बताया वह परमहंस नगर कॉलोनी में रमेश यादव के मकान में किराये पर रहते हैं। बुधवार को दोस्त संदीप कुमार निवासी बैरीवन पांडेयपुर के साथ एसबीआई कॉलोनी से ठकुरापुरा की तरफ जा रहे थे। रास्ते में घात लगाए सुमित यादव, ऋषिकांत यादव, गोलू यादव, आदित्य यादव और हिमांशु चौहान ने रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर डंडे, चाकू व चापड़ से हमला कर दिया। हमले में अवनीश जायसवाल व संदीप कुमार को गंभीर चोटें आईं। संदीप कुमार की आंख, पीठ और सीने में चोट लगने से वह मौके पर ही बेहोश हो गए। थाना प्रभारी शिवाकांत मिश्र ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है। संवाद