दोषीपुरा में मुहर्रम के दिन शिया और सुन्नी समुदाय के लोगों के बीच ताजिया जुलूस को लेकर हुए विवाद ने इलाके के लोगों के निजी संबंधों को भी प्रभावित किया है। इसकी बानगी मंगलवार की रात अमरपुर बटलोहिया में देखने को मिली। शराब पी रहे तीन लोग शिया और सुन्नी विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए और जमकर मारपीट हुई। प्रकरण को लेकर अमरपुर बटलोहिया निवासी सलीम की तहरीर के आधार पर जैतपुरा थाने में उसके इलाके के ही पप्पू और पलानू के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
जैतपुरा थाना क्षेत्र के अमरपुर बटलोहिया निवासी सलीम ने पुलिस को बताया कि वह पप्पू और फुलानू के साथ मंगलवार की रात लगभग 10 बजे इलाके में ही शराब पी रहा था। शिया और सुन्नी की बात को लेकर पप्पू और पलानू ने उसके साथ गालीगलौज करते हुए उसे जमकर पीटा। मारपीट में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी है। शोरशराबा होने पर दोनों ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इस संबंध में जैतपुरा थानाध्यक्ष मथुरा राय ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पीड़ित का मेडिकल मुआयना कराया गया है। दोनों आरोपियों की तलाश की जा रही है।