जिलास्तरीय विद्यालयीय खेल समिति के गठन के बाद मंगलवार को बैठक हुई। जिलास्तरीय विद्यालयीय खेल प्रतियोगिता के लिए विस्तृत योजना तैयार की गई। बैठक में विद्यालयों के खेल प्रशिक्षकों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों ने भाग लिया। खेलों की रूपरेखा, तिथियां, स्थान और विभिन्न प्रतियोगिताओं के संबंध में विस्तार से चर्चा हुई। जिला खेल समिति के सचिव सर्वेश कुमार ने बताया कि समिति का लक्ष्य है कि इस वर्ष की प्रतियोगिता पिछले वर्षों की तुलना में और अधिक बेहतर हो, जिसमें जिले के अधिक से अधिक विद्यालयों के छात्र-छात्राएं बढ़-चढ़कर हिस्सा लें। बैठक में विभिन्न खेलों जैसे एथलेटिक्स, कबड्डी, खो-खो, बैडमिंटन, कुश्ती और तैराकी को शामिल करने पर सहमति बनी है। इसके अतिरिक्त, कुछ नए और पारंपरिक खेलों को भी प्रतियोगिता में शामिल करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है, ताकि छात्रों को अपनी प्रतिभा दिखाने के लिए व्यापक अवसर मिल सकें।