प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता में खेलने के लिए खिलाड़ियों का चयन ट्रायल सोमवार को सिगरा के डॉ संपूर्णानंद स्पोर्ट्स स्टेडियम में हुआ। इसमें वाराणसी मंडल से संबंधित चार जिलों के 65 खिलाड़ियों के बीच मंडलीय टीम का हिस्सा बनने के लिए अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। खेल विभाग और बास्केटबॉल संघ के समन्वय से प्रादेशिक बास्केटबॉल प्रतियोगिता आजमगढ़ में खेली जाएगी। वाराणसी मंडल की टीम का चयन ट्रायल के बाद खेल विभाग ने 16 सदस्यीय बालक वर्ग टीम घोषित कर दी है। बालक वर्ग में अर्जुन गुप्ता, देव सिंह, आदर्श सिंह, राजवीर यादव, श्लोक, राजकुमार, दीपांशु शर्मा, यशस्व दीक्षित, लकी सरोज, किशन गोंड, दीपेश तरुण, अभिनव श्रीवास्तव और हर्षित राय का टीम में चयन हुआ है। इसके अलावा चार खिलाड़ियों को सुरक्षित सूची में जगह मिली है। चयनित खिलाड़ी 11 से 14 सितंबर तक आजमगढ़ में आयोजित प्रादेशिक प्रतियोगिता में खेलेंगे। चयनित खिलाड़ियों में सामंजस्य बढ़ाने के लिए सिगरा स्टेडियम में शिविर लगाई जाएगी।