वाराणसी-गाजीपुर मार्ग स्थित संदहा चौराहा अटल चौक के नाम से जाना जाएगा। केंद्रीय परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सोमवार को वर्चुअली इसकी आधारशिला रखी। उन्होंने एनएचएआई से जुड़ी 23.8 करोड़ की 12 परियोजनाओं का शिलान्यास किया। संदहा रिंग रोड के पास कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री और चंदौली सांसद महेंद्र नाथ पांडेय ने केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। उन्होंने एनएच-29 पर उमरहां बाजार, रिंग रोड फेज-1 पर हरिहरपुर और ऐढ़े में फुट ओवरब्रिज की भी आधारशिला रखी। वर्चुअल कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने चंदौली लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत वाराणसी-चंदौली की सड़कों पर सर्विस रोड, ओवरब्रिज आदि मांगों को पूर्ण करने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम में विधायक रमेश जायसवाल, पंकज त्रिपाठी, सीता रानी मिश्रा, दुर्गा सिंह, हीरालाल जायसवाल, राम प्रकाश दुबे, अखंड सिंह, श्रीनिकेतन मिश्र रहे।