काशी में पहली बार साइकिलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया की ओर से अस्मिता महिला साइक्लिंग लीग 11 जून को होगी। शहर के बीचोबीच सुबह 6 बजे से लीग शुरू हो जाएगी। 10 से लेकर 15 किलोमीटर साइकिलिंग में 30 से लेकर 45 मिनट का समय दिया जाएगा। इसमें अलग-अलग कैटेगरी के तहत खिलाड़ियों को 22 स्वर्ण पदक दिए जाएंगे। इस साइक्लिंग लीग में सब जूनियर, जूनियर और सीनियर वर्ग की बालिकाएं हिस्सा लेंगी। लीग में रोड रेस के अलावा कई अन्य दूरी की रेस भी होंगी। प्रतियोगिता के दौरान सभी प्रतिभागियों का टाइम ट्रायल भी लिया जाएगा। जिला साइकिलिंग संघ के अध्यक्ष डॉ. एके सिंह ने सोमवार को बताया कि अभी तक 146 बालिकाओं ने पंजीकरण कराया है। साइकिलिंग ओलंपिक खेलो की सूची में शामिल हैं। जिला साइक्लिंग संघ के सचिव डॉ. शम्स तबरेज शंपू ने बताया कि साइकिलिंग ओलंपिक खेल होने के अलावा फिटनेस में भी काफी उपयोगी है। आसपास विंध्य की पहाड़ी को ध्यान में रखते हुए माउंटेन बाइक साइकिलिंग को भी प्रोत्साहित किया जाएगा।