साइकिल वितरित करने के बाद छात्राओं को संबोधित करते महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपा शंक
महराजगंज। केवटली स्थित सर जेपी महिला महाविद्यालय में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन पर संकल्प सेवा अभियान के तहत कार्यक्रम आयोजित किया गया। महाराष्ट्र के पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह की पहल पर 176 छात्राओं को साइकिल वितरित की गई। साइकिल पाकर छात्राओं के चेहरे खुशी से खिल उठे। पूर्व गृह राज्यमंत्री कृपाशंकर सिंह ने कहा कि 176 बालिकाओं को साइकिल का वितरण ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ की भावना के अनुरूप किया जा रहा है। उनका प्रयास है कि क्षेत्र की कोई भी बालिका पैदल स्कूल जाने के लिए मजबूर न हो। उन्होंने कहा कि बालिकाओं की शिक्षा समाज और देश के विकास की आधारशिला है। राज्यसभा सांसद सीमा द्विवेदी ने कहा कि किसी व्यक्ति के व्यक्तित्व की पहचान केवल उसके पद से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। उन्होंने कहा कि चुनाव में हार के बावजूद कृपाशंकर सिंह लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनसेवा के कार्य कर रहे हैं। बदलापुर विधायक रमेश मिश्रा ने कहा कि सरकार बालिकाओं की शिक्षा और सुरक्षा को लेकर विभिन्न योजनाएं चला रही है। फत्तूपुर स्थित परमहंस आश्रम के लिए सरकार की ओर से कृपाशंकर सिंह की पहल पर ढाई करोड़ रुपये की सहायता उपलब्ध कराई गई है। कार्यक्रम में बाबा परमहंस, भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, पूर्व मुख्य आयकर आयुक्त गौरी शंकर सिंह, सत्येंद्र सिंह, श्यामराज सिंह, राम लगन सिंह, प्रबंधक राजेश जे. सिंह, सिद्धार्थ सिंह, लवकुश सिंह, बलबीर गौड़, देवेंद्र सिंह आदि रहे।