संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय के खेल मैदान में शुक्रवार को 11 दिवसीय रीजनल सरस मेला का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम मौर्य और जिलाधिकारी सत्येन्द्र कुमार ने दीप प्रज्ज्वलन कर किया। कार्यक्रम की शुरुआत शंख वादक राम जनम योगी ने 8 मिनट तक लगातार शंखनाद से किया। मेले के पहले दिन ही देश के विभिन्न कोनों हरियाणा, पश्चिम बंगाल, बिहार, गुजरात और महाराष्ट्र से आई स्वयं सहायता समूह की महिला उद्यमियों ने अपने 125 से अधिक स्टाल सजा दिए हैं। यहां वस्त्र में बनारसी सिल्क साड़ी, लखनऊ का चिकनकारी काम और पारंपरिक कश्मीरी मेवा, हस्तशिल्प में जूट बैग, कालीन, बांस के उत्पाद, कांच की चूड़ियां और सजावटी सामान एवं खाद्य पदार्थ में शुद्ध अचार, मुरब्बा और विभिन्न राज्यों के पारंपरिक क्षेत्रीय व्यंजन के स्टालों पर लोगों की भीड़ उमड़ी।