गौराबादशाहपुर (जौनपुर)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर से आयोजित प्रारंभिक अर्हता परीक्षा 2022 शनिवार को दो पालियों में 37 केंद्रों पर परीक्षा कराई गई। पहली पाली की परीक्षा के दौरान दूसरे की जगह परीक्षा दे रहे एक आरोपी को एसटीएफ प्रयागराज और जिले की टीम ने पकड़ लिया। उसकी निशानदेही पर बाहर खड़े एक अन्य साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, सुबह की पाली में 10 बजे से परीक्षा शुरू हुई। इसी दौरान एसटीएफ प्रयागराज की टीम गौराबादशाहपुर क्षेत्र के ग्रामोदय इंटर कॉलेज में पहुंच गई। वहां जांच के दौरान कक्ष संख्या एक से आरोपी को पकड़ा गया। पता चला कि वह किसी और के नाम पर परीक्षा दे रहा था। परीक्षार्थी बाबू कुंवर भारती निवासी ग्राम खुचमा, सकलडीहा, केशवपुर जनपद चंदौली के स्थान पर परीक्षा दे रहे सिद्धार्थ शंकर दुबे निवासी आरा (महाराजा हाता) थाना नवादा जनपद भोजपुर बिहार को गिरफ्तार किया गया।
उसकी निशानदेही पर सहयोगी अनिल कुमार उर्फ मल्होत्रा निवासी सिंघापुर पोस्ट आनापुर थाना नवाबगंज प्रयागराज को भी गिरफ्तार किया गया। एसटीएफ फील्ड इकाई प्रयागराज उप निरीक्षक रणेंद्र कुमार सिंह ने स्थानीय पुलिस के सहयोग से यह कार्रवाई की। आरोपियों के पास से फर्जी ढंग से फोटो लगाकर बनाया गया प्रवेश पत्र, फर्जी आधार कार्ड और चार हजार रुपये बरामद किए गए। थानाध्यक्ष विक्रम लक्ष्मण सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी सिद्धार्थ शंकर दुबे व अनिल कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। ये दोनों पैसे लेकर परीक्षा देते हैं। इस मामले में 30 हजार रुपये लेकर परीक्षा देने का मामला प्रकाश में आया है। अन्य की जांच की जा रही है।