दानगंज। चोलापुर थाना क्षेत्र के धरसौना गांव में बृहस्पतिवार रात इन्वर्टर लगाते समय करंट से सेना के जवान सुनील यादव (28) की मौत हो गई। सूचना मिलने पर ग्रामीण, पूर्व सैनिक और पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। बरेली में तैनात सुनील 15 दिन पहले छुट्टी पर घर आए थे। रात में वह घर पर नया इन्वर्टर लेकर आए थे। मैकेनिक से बात की थी, जिसने शुक्रवार सुबह आने को कहा था। इसके बाद सुनील ने स्वयं इन्वर्टर लगाने का प्रयास किया और इसी दौरान करंट की चपेट में आ गए। परिजन उन्हें छावनी क्षेत्र के मिलिट्री हॉस्पिटल ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। धरसौना गांव निवासी भोला यादव के आठ पुत्रों में छठवें नंबर पर सुनील की शादी प्रीति यादव से हुई थी। एक बेटा व तीन वर्ष की एक बेटी है। पत्नी समेत परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौत की खबर मिलते ही बरेली से सुनील के यूनिट से सैन्यकर्मी पहुंचे। 39 जीटीसी के जवान भी मौजूद रहे। पूर्व सैनिक बड़े लाल यादव, रामदयाल यादव, राम अचल यादव, राजेश यादव, रविंद्र यादव ने श्रद्धांजलि दी। चोलापुर थाना प्रभारी सधुवन राम गौतम ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया गया। संवाद