प्राथमिक व माध्यमिक शिक्षा के 11 पीएमश्री विद्यालयों के लिए विशेष बजट जारी हो गया है। इस बजट से विद्यालयों की सूरत बदलेगी। कंपोजिट ग्रांट के साथ ही स्कूलों को संवारने के लिए दो करोड़ रुपये जल्द जारी होने की उम्मीद है। कंपोजिट ग्रांट में तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इसमें 100 से कम और 250 से अधिक बच्चों की संख्या वाले स्कूलों को 75 हजार, 250 से अधिक और एक हजार से कम बच्चे वाले स्कूल को एक लाख रुपये जारी होगा। वहीं एक हजार से ज्यादा बच्चे वाले स्कूलों को डेढ़ लाख रुपये मिलेगा। इस धनराशि से स्कूल में छोटी मरम्मत, बिजली, शौचालय, पेयजल की व्यवस्था की जाएगी। जिले में आठ बेसिक और तीन राजकीय माध्यमिक स्कूलों को पीएमश्री योजना के लिए चुना गया है। इसमें शहरी क्षेत्र में चार और ग्रामीण इलाके में सात विद्यालय हैं। योजना के अनुसार इन स्कूलों में आधुनिक शिक्षा के सभी संसाधन उपलब्ध कराए जाएंगे। इसमें नई कक्षाएं, कंप्यूटर लैब, विज्ञान के विभिन्न विषयों की लैब के अलावा कौशल विकास योजनाओं के लिए भी प्रशिक्षण केंद्र स्थापित होंगे। इसके साथ ही स्कूलों में बाल वाटिका और लाइब्रेरी भी बनाई जाएगी।