संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय की वार्षिक परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने 20 मई से होने वाली परीक्षाओं को स्थगित करते हुए जल्द से जल्द दूसरी तारीख घोषित करने को कहा है। परीक्षा की तैयारियां पूरी नहीं होने के कारण विश्वविद्यालय ने यह निर्णय लिया है। पूर्व मध्यमा, मध्यमा, उत्तर मध्यमा, शास्त्री और आचार्य की वार्षिक परीक्षाओं को अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिया गया है। परीक्षा नियंत्रक प्रो. सुधाकर मिश्र ने बताया कि 20 मई से प्रस्तावित परीक्षा तिथि को अपरिहार्य कारणों से स्थगित किया गया है। परीक्षा की आगामी तिथि जल्द ही घोषित की जाएगी। अमर उजाला ने परीक्षा की तिथि को लेकर पूर्व में ही जानकारी दी थी कि परीक्षाओं का आयोजन जून माह में होगा। कुलपति ने भी इस बात को स्वीकार किया था कि इस बार विश्वविद्यालय और महाविद्यालय की परीक्षाएं एक साथ ही कराई जाएंगी। विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षा स्थगित होने की सूचना मिलने के बाद देश भर के संस्कृत महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने भी राहत की सांस ली है।