काशी विद्यापीठ से संबद्ध सकलडीहा पीजी कॉलेज की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई की बीए द्वितीय वर्ष की छात्रा अंजू यादव ने राज्य स्तरीय ''विकसित भारत युवा सांसद कार्यक्रम'' में पहला स्थान हासिल किया। यूपी विधानसभा में हुए कार्यक्रम में अंजू को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में अंजू यादव ने ''विकसित भारत 2047 के निर्माण में युवाओं की भूमिका'' विषय पर भाषण दिया। अंजू ने भारत को वर्ष 2047 तक आत्मनिर्भर, शिक्षित, तकनीकी रूप से सशक्त, पर्यावरण-संतुलित एवं युवा शक्ति आधारित राष्ट्र बनाने पर बल दिया। उनकी इस उपलब्धि पर विवि के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी, कुलसचिव डॉ. सुनीता पांडेय, डीन एकेडमिक प्रो. बंशीधर पांडेय, डॉ. राहुल गुप्ता ने बधाई दी।