गंगा में पिछले 40 दिनों तक नौका संचालन बंद होने से नाराज नाविकों की बैठक शुक्रवार दोपहर दशाश्वमेध घाट पर हुई। इसमें मां गंगा निषादराज सेवा न्यास के 84 घाटाें से संबंधित नाविक शामिल हुए। सेवान्यास के अध्यक्ष प्रमोद मांझी ने कहा कि प्रशासन की ओर से गंगा में नौका संचालन बंद होने से नाविक समाज के समक्ष रोजी रोटी का संकट उत्पन्न हो गया है और वाराणसी आ रहे पर्यटक गंगा विहार से वंचित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 40 दिन बीतने के बाद भी उन्हें नाव संचालन की अनुमति नहीं मिल रही है। नाविकों ने डीसीपी गौरव वंसवाल को पत्रक सौंप कर जल्द से जल्द नौका संचालन की अनुमति मांगी। आरोप लगाया कि बड़े पूंजीपतियों को फायदा पहुंचाने के लिए क्रूज के संचालन की छूट है। बैठक में राकेश साहनी, अजीत साहनी, तन्ना, पप्पू साहनी, शंभु मांझी, विकास आदि मौजूद रहे।