उमस भरी गर्मी के बीच बेतहाशा बिजली कटौती से आजिज लोगों का गुस्सा मंगलवार को फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने विरोध-प्रदर्शन करते हुए बिजली विभाग की दुर्व्यवस्था के खिलाफ नारे लगाए। तेलगुड़वा-सलैयाडीह मार्ग पर प्रदर्शन के दौरान उपभोक्ताओं ने विभागीय अफसरों को जमकर कोसा।
सुरेंद्र जायसवाल की अगुवाई में प्रदर्शन कर रहे उपभोक्ता ओमप्रकाश, संतोष गुप्ता, द्वारिका प्रसाद, आनंद जायसवाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष विजयशंकर जायसवाल आदि ने कहा कि पिछले तीन सप्ताह से कोन व कचनरवा उपकेंद्र से जुड़े करीब 56 गांवों में बिजली आपूर्ति की स्थिति दयनीय है। बिजली आने के बाद हर घंटे 10-15 बार ट्रिप होना आम बात हो गई है। कभी भी लगातार एक घंटे कोन में बिजली नहीं रह रही है। बिजली कटौती से पानी के संकट से लोग जूझ रहे हैं। विभाग की ओर से समाधान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किया जा रहा। उपभोक्ताओं ने कहा कि तीन दिनों के अंदर व्यवस्था में सुधार नहीं होता तो ब्लाक मुख्यालय का घेराव करने को बाध्य होंगे। प्रदर्शन में केवल प्रसाद, दिलीप श्रीवास्तव, उमेश जायसवाल, सोबरन चौबंशी, राजमणि, संतोष पासवान, संदीप जायसवाल, निर्भय जायसवाल, दीना साह, अशर्फी लाल यादव आदि शामिल रहे।