शहर की सीवर लाइन में बालू, सीमेंट की बोरियों सहित अन्य सामग्री मिलने के मामले में समाजवादी पार्टी ने मजिस्ट्रेट से जांच कराने की मांग की है। सपा नेता एवं अधिवक्ता राजू यादव के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर संबंधित क्षेत्रों की सीसीटीवी फुटेज सुरक्षित रखने को कहा। ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि के रूप में एसीएम प्रथम अवधेश कुमार को सौंपा गया।सपा नेताओं ने कहा कि अलग-अलग क्षेत्रों की सीवर लाइनों से बालू, सीमेंट की बोरियां मिलने का मामला गंभीर है। निष्पक्ष जांच से स्पष्ट होना चाहिए कि सीवर में बोरियां कैसे पहुंचीं। सीवर जाम होने से जलभराव, गंदे पानी और दुर्गंध जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ता है इसलिए मामले की जांच केवल विभागीय स्तर तक सीमित न रखकर मजिस्ट्रेट से कराई जानी चाहिए। नगर निगम और जलकल विभाग के संबंधित अधिकारियों, कर्मचारियों और कार्यदायी संस्थाओं की भूमिका की भी जांच कराई जानी चाहिए। इस मौके पर धीरज यादव, राजवीर सिंह, कुलदीप यादव, महेश यादव, अभय यादव, नीलू मंदानी, राहुल यादव आदि शामिल रहे।