उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी और लोकायन कला प्रशिक्षण ट्रस्ट की ओर से आयोजित 15 दिवसीय ग्रीष्मकालीन संस्कार गीत कार्यशाला का मंगलवार को समापन हुआ। यह कार्यशाला नाद प्रवाह के अंतर्गत संचालित की गई थी। समापन समारोह गिलट बाजार स्थित एक स्कूल में मंगलवार को हुआ। कार्यशाला में बारह वर्ष के बच्चों से लेकर प्रौढ़ आयु वर्ग तक के प्रतिभागियों ने उत्साह से भाग लिया। उन्होंने सोहर, मुंडन, जनेऊ, तिलक, द्वार पूजा और सुहाग गीत जैसे पारंपरिक संस्कार गीतों की मनोहारी प्रस्तुतियां दीं। मुख्य अतिथि हिंदी एवं भोजपुरी के वरिष्ठ साहित्यकार प्रो. प्रकाश उदय रहे। अध्यक्षता जनवादी लेखक संघ के उपाध्यक्ष एमपी सिंह ने की। संस्कार भारती काशी महानगर के अध्यक्ष डॉ. रामवीर शर्मा ने धन्यवाद ज्ञापन किया। लोकायन कला प्रशिक्षण ट्रस्ट की मुख्य न्यासी सरोज वर्मा ने अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने संस्कार गीतों के धीरे-धीरे विलुप्त होते स्वरूप पर चिंता व्यक्त की।