यूपी बोर्ड, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड के मेधावी छात्र-छात्राएं सम्मानित होने के बाद बहुत खुश थे। अपने बच्चों को मेडल और प्रमाण पत्रों के साथ देख उनके अभिभावकों और शिक्षकों के चेहरे पर भी खुशी साफ दिख रही थी। सोमवार को राजकीय क्वींस इंटर कॉलेज के सभागार में जिले के 60 मेधावियों को अमर उजाला भविष्य ज्योति सम्मान से नवाजा गया।
बतौर मुख्य अतिथि महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के कुलपति प्रो. टीएन सिंह, विशिष्ट अतिथि सुरेंद्र सिंह ने मेधावी छात्र-छात्राओं को जीवन के हर क्षेत्र में आगे बढ़ने का आशीर्वाद दिया। सलाह दी, आपस में एक-दूसरे से अपनी जानकारियां साझा करें, क्योंकि इससे मंजिल पाना आसान होता है। सहपाठियों के बीच कमजोरियां भी साझा करने से आपको अपनी प्रतिभा का पता ही नहीं चलता है, बल्कि इससे मजबूती मिलती है।
अमर उजाला की ओर से सामाजिक सरोकारों के तहत आयोजित समारोह में यूपी बोर्ड के विद्यालयों के अलावा सनबीम स्कूल, डालिम्स, सेंट फ्रांसिस स्कूल रामनगर, डब्ल्यूएच स्मिथ स्कूल समेत अन्य विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया। बतौर मुख्य अतिथि कुलपति प्रो. सिंह ने कहा कि शिक्षा बहुत बड़ी धरोहर है। यहीं एक ऐसा माध्यम है, जिसके जरिए हम अपने परिवार, देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकते हैं।
कहा, छात्र जीवन में किसी तरह का तनाव नहीं लेना चाहिए। सबसे अधिक जरूरी है कि खुद से कंपटीशन किया जाए, ऐसा करने पर ही आगे बढ़ने का मार्ग प्रशस्त होगा। दूसरों से कंपटीशन रखने से दुख ही मिलता है। आप जितना खुले रहेंगे, पारदर्शिता रखेंगे, उतना ही सीखने और एक दूसरे को जानने का मौका मिलेगा।
विशिष्ट अतिथि डीएम सुरेंद्र सिंह ने समारोह में अपने छात्र जीवन को याद किया। अपने अनुभवों को विस्तार से बताते हुए साफ कहा, पढ़ना तो जरूरी है लेकिन जानकारियों को साझा करना इससे भी ज्यादा जरूरी है। पढ़ाई से लेकर समस्याओं तक को आपस में बांट कर देखें, जानकारियां अपने आप बढ़ जाएंगी। मुश्किलें हल हो जाएंगी। आत्मविश्वास बढ़ेगा, सलीका आ जाएगा। किसी की सफलता से चिढ़ें नहीं, बल्कि उसका उत्साह बढ़ना चाहिए।
ऐसा करने से दृष्टिकोण बदलेगा और जीवन में सकारात्मक बदलाव आएगा। अपनी कमजोरी को छिपाए नहीं, बल्कि खुलकर बताए। ज्ञान बांटने से हमें अपनी कमियां पता चलती हैं। उन्होंने क्वींस कॉलेज की बेहतर व्यवस्था के लिए प्रधानाचार्य को बधाई दी।
सीबीएसई के सिटी कोआर्डिनेटर वीके मिश्रा ने मेधावी छात्रों को ब्रांड अंबेसडर बताते हुए कहा कि अमर उजाला के सम्मान समारोह से दूसरे छात्रों को आगे बढ़ते रहने की प्रेरणा मिलती है। अतिथियों का स्वागत करते हुए क्वींस कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. राजेश सिंह यादव ने कॉलेज के स्थापना से लेकर समय-समय पर उपलब्धियों को बताया। अतिथियों को अमर उजाला की ओर से तुलसी का पौधा भेंटकर स्वागत किया गया।