वाराणसी। कंपोजिट विद्यालय देहली विनायक में तैनात सहायक अध्यापक सत्य प्रकाश पांडेय ने प्रधानाध्यापक रमेश कुमार त्रिपाठी पर मारपीट और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया। दोनों ने ही बीएसए से एक दूसरे के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। बीएसए ने दो सदस्यीय जांच कमेटी गठित की है। शिकायत के अनुसार, शनिवार को प्रधानाध्यापक रमेश कुमार त्रिपाठी सुबह 8:30 बजे विद्यालय पहुंचे। आरोप है कि वह सीधे सहायक अध्यापक के कक्ष में गए और अपने मोबाइल फोन से उनका वीडियो बनाने लगे। जब शिक्षक ने वीडियो बनाने का कारण पूछा तो प्रधानाध्यापक कथित रूप से आग बबूला हो गए और उनके साथ अभद्रता कर मारपीट शुरू कर दी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रधानाध्यापक ने उन्हें थप्पड़ भी मारे। सहायक अध्यापक का कहना है कि घटना के दौरान हुई मारपीट का जीपीएस युक्त वीडियो उनके पास उपलब्ध है, जिसे उन्होंने साक्ष्य के रूप में बीएसए को सौंपा है। संवाद