राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस के उपलक्ष्य पर बच्चों के पेट में कीड़े से होने वाली बीमारियों से बचाव के लिए अभियान चलाकर उन्हें एल्बेंडाजोल दवा दी गई। महमूरगंज स्थित कंपोजिट विद्यालय में सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने एक बच्चे को दवा देकर अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग की ओर से कृमि मुक्ति दिवस को लेकर एल्बेंडाजोल की दवा पिलाने के साथ ही बच्चों के अभिभावकों को जागरूक किया गया। एडिशनल सीएमओ डॉ. संजय राय ने कहा कि सभी विद्यालयों व आंगनबाड़ी केंद्रों पर अभियान चलाकर करीब 10 लाख बच्चों को दवा दी गई। शेष बच्चों को 14 अगस्त को मॉपअप राउंड चलाकर दवा दी जाएगी। सीएमओ डॉ. संदीप चौधरी ने कहा कि बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए स्वच्छता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है। अभियान के तहत 1 से 19 साल तक के सभी बच्चों को हर छह महीने में दवा दी जाती है। उन्होंने बताया कि पेट में कीड़े होने से बच्चों में खून की कमी यानी एनीमिया हो जाता है, इससे वे कमजोर होने लगते हैं।