कला प्रकाश की ओर से रविवार को भेलूपुर स्थित एक होटल में सांगीतिक कार्यक्रम प्रभाती में उज्जैन के पुष्टिमार्गी परंपरा के युवा मकरंद वीणा वादक अभिषेक व्यास ने संगीत साधना की। पं. विमलेंददु मुखर्जी के शिष्य अभिषेक ने राग मियां की तोड़ी में इमदादखानी घराने की परंपरा में आलापचारी कर सभी को मगन कर दिया। विलंबित और द्रुत तीनताल में वीणा पर प्रभावी प्रस्तुति दी। तबले पर सिद्धार्थ चक्रवर्ती ने कुशल संगत की। कलाकारों का स्वागत जितेंद्र नागर और शशांक अग्रवाल ने किया। संचालन अध्यक्ष अशोक कपूर और धन्यवाद अभिजित अग्रवाल ने किया। इस मौके पर पद्मभूषण पं. साजन मिश्र, पं. धर्मनाथ मिश्र, पं. संजू सहाय, पं. कन्हैयालाल मिश्र, पं. विनोद लेले, प्रो. शारदा वेलंकर, पं. रबिंद्र नारायण गोस्वामी आदि मौजूद रहे।