इस संबंध में एसीपी सारनाथ ज्ञान प्रकाश राय ने बताया कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार प्रयास कर रही हैं। दोनों के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है, ताकि वह देश छोड़ कर भाग न सकें।
भोजपुरी अभिनेत्री आकांक्षा दुबे की मौत के मामले में उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट को लेकर उनकी मां मधु दुबे के अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने वाराणसी कमिश्नरेट की पुलिस से सवाल पूछे हैं। अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि उन्होंने मेडिकल एक्सपर्ट से सलाह लेकर सवाल तैयार किया है।
अधिवक्ता शशांक शेखर त्रिपाठी ने कहा कि आकांक्षा दुबे को जिस बार में पार्टी दी गई थी, वहां टेबल एक दंपती के द्वारा रिजर्व कराई गई थी। पार्टी का 11 हजार रुपये बिल हुआ था। पुलिस ने बताया कि आकांक्षा दुबे पार्टी में शराब पी हुई थीं। लेकिन, उनकी पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनके पेट में खाना और तरल पदार्थ नहीं पाया गया। शराब भी नहीं पाई गई।
20 एमएल का कोई भूरे रंग का तरल पदार्थ पेट में पाया गया। आकांक्षा की पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उनकी कलाई पर चोट का निशान बताया गया है। अधिवक्ता ने कहा कि आकांक्षा के पेट में पाया गया 20 एमएल का भूरे रंग का तरल पदार्थ क्या है। उन्होंने कहा कि पूरी उम्मीद है कि वाराणसी कमिश्नरेट के अफसर उनके सवाल का जवाब देंगे।