वाराणसी के बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर छह दिन से खराब पड़ा विमान अब तक ठीक नहीं किया जा सका है। दिल्ली से आए इंजीनियरों ने काफी प्रयास किया लेकिन वे विमान ठीक नहीं कर पाए। एयर इंडिया का विमान एआई 406 दिल्ली से 159 यात्रियों को लेकर सात अप्रैल को वाराणसी एयरपोर्ट पर पहुंचने वाला था कि पायलट को विमान में तकनीकी खराबी की जानकारी हुई। उसने वाराणसी एटीसी से संपर्क कर जानकारी दी और विमान को उतारने की अनुमति मांगी।
एटीसी से अनुमति मिलते ही विमान की इमरजेंसी लैंडिंग सुबह 11:46 बजे कराई गई। यात्रियों को उतरने के बाद इंजीनियरों ने विमान को ठीक करने का प्रयास किया। मंगलवार शाम तक इंजीनियर विमान ठीक नहीं कर पाए। दिल्ली की टीम के आने से यह उम्मीद थी कि विमान जल्द ठीक होकर अपने निर्धारित रुट पर संचालित हो सकेगी। लेकिन, ऐसा नहीं हो सका। इंजीनियरों की टीम विमान में तकनीकी खराबी को दुरुस्त करने में जुटी है।