भारतीय सब्जी अनुसंधान में लगी कृषि मेला में प्रदर्शनी का अवलोकन करते अतिथि गण।
भारतीय सब्जी अनुसंधान संस्थान शाहंशाहपुर में रविवार को किसान मेला लगा। विभिन्न प्रांतों के 2000 से ज्यादा किसानों ने 30 से ज्यादा स्टाॅलों पर सब्जी उत्पादन की तकनीक जानी। उत्तम किस्म के बीजों और कृषि उपकरणों को खरीदे। इस दौरान वैज्ञानिकों ने गोष्ठी के जरिये उन्नत सब्जी के बीज और उत्पादन बढ़ाने के तरीके बताए। साथ ही उत्कृष्ठ किसानों और एफपीओ का सम्मान हुआ। मुख्य अतिथि राम मनोहर लोहिया अवध विवि अयोध्या के कुलपति कर्नल डॉ. बिजेंद्र सिंह ने मेले का शुभारंभ किया। सब्जी उत्पादन के क्षेत्र में संस्थान की ओर से किए जा रहे शोध, नवाचार कार्यों की सराहना की। कहा कि कृषि के समग्र विकास में सब्जी उत्पादन की भूमिका अहम है। यदि संस्थान कृषि संबंधित विभागों से समन्वय कर गांवों को गोद लें तो उन्हें सब्जी उत्पादन में आदर्श गांव के रूप में विकसित कर सकते हैं। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद नई दिल्ली के सहायक महानिदेशक डॉ. सुधाकर पांडेय ने कहा कि मैदानी क्षेत्रों में मसाला, औषधीय एवं सब्जी फसलों की व्यापक संभावनाएं हैं। डॉ. एबी राय, डॉ. आलोक श्रीवास्तव मौजूद रहे। आईआईवीआर ने पूर्वांचल के 19 एफपीओ के साथ तकनीकी हस्तांतरण का अनुबंध किया। सब्जी उत्पादन में उत्कृष्ट कार्य करने वाले किसान अंजू चतुर्वेदी, अवनीश पटेल, राम बुझारत सिंह और ऋषभ पटेल को पुरुष्कृत किया।