रेलवे प्रशासन ने अग्निवीर अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए दो जोड़ी ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। यह ट्रेन वाराणसी सिटी और सहजनवा के बीच चलाई जाएगी। पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज कुमार सिंह के मुताबिक 05109 विशेष ट्रेन वाराणसी सिटी-सहजनवा तक चलाई जाएगी, जो वाराणसी सिटी से सुबह 5:15 बजे चलेगी और दोपहर 12 बजे सहजनवा पहुंचेगी। जबकि गाड़ी संख्या 05110 सहजनवा से वाराणसी सिटी के लिए दिन में एक बजे चलेगी और रात आठ बजे वाराणसी सिटी पहुंचेगी। गाड़ी संख्या 05111 वाराणसी सिटी से सहजनवा के लिए शाम को साढ़े सात बजे चलेगी, जो रात में तीन बजे सहजनवा पहुंचेगी। यह सभी ट्रेनें 15 से 20 नवंबर तक चलेंगी। इसी तरह गाड़ी संख्या 05112 सहजनवा-वाराणसी सिटी विशेष ट्रेन 16 से 21 नवंबर तक चलाई जाएगी, जो सहजनवा से भोर में चार बजे चलेगी और दिन में 11 बजे वाराणसी सिटी पर पहुंचेगी। इन ट्रेनों का ठहराव सारनाथ, औड़िहार, सादात, जखनिया, दुल्लहपुर, मऊ बेल्थरा रोड, लार रोड, सलेमपुर, भटनी, देवरिया सदर, गौरी बाजार, चौरी-चौरा और गोरखपुर में होगा।