मानसून की पहली बारिश में शनिवार को जगह-जगह जलभराव हो गया। रविवार को कई जगहों पर पानी तो निकल गया, लेकिन अब कई जगहों पर गंदगी फैल गई है। जिसे अब तक नगर निगम की ओर से नहीं हटवाया गया।
बारिश के चलते अंधरापुल, सिगरा से लल्लापुरा मार्ग, सितारा देवी पथ की स्थिति बद से बदतर हो गई है। मंडुवाडीह, सरकारीपुरा, भुल्लनपुर पीएसी गेट के सामने, शिवदासपुर कॉलोनी, लोहता चौराहे से धमरिया पुल तक जाने वाली इन सभी सड़कों पर जलभराव हो गया है। इससे लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। क्षेत्र के दीपक सिंह ने बताया कि सड़कों पर पानी भरने से राहगीरों को आने-जाने में परेशानी हो रही है। नालों की सफाई न होने से सीवर ओवर फ्लो कर रहा है। इससे निकलने वाली बदबू से जनता परेशान है। सेवालाल ने बताया कि नाला सफाई कि 6 महीने पहले शिकायत की थी, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बारिश का पानी दुकानों से लगा हुआ है। सौरभ चौरसिया ने कहा कि बारिश का पानी दुकानों में लगा हुआ है, जिससे बदबू आ रही है। एकता गुप्ता ने कहा कि सीवर ओवरफ्लो हो गया है। इससे परेशानी हो रही है। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. एनपी सिंह ने कहा कि सफाई के लिए टीम लगाई गई है। जलकल और नगर निगम की क्यूआरटी पानी निकालने में लगी है।
सारनाथ में पहली बारिश में ही धंस गई सड़क
सारनाथ में प्रो पुअर योजना के तहत कराए जा रहे कार्यों से दुश्वारियां बढ़ती जा रही हैं। पहली बारिश में यहां की सड़क धंस गई है। आकाशवाणी तिराहे से सारनाथ चौराहे तक की स्थिति और भी खराब है। सुहेलदेव पार्क के पास सड़क धंस गई। करीब दो सप्ताह पूर्व सीवर लाइन डालने के बाद सड़क को ठीक से नहीं पाटा गया।