काशी तमिल संगमम में तमिलनाडु से आया पेशेवरों और कारीगरों का समूह बृहस्पतिवार को हनुमान घाट पहुंचा। सभी ने गंगा में स्नान कर मां की पूजा पाठ करते हुए सुख समृद्धि का आशीर्वाद मांगा। गंगा स्नान के बाद समूह ने घाट पर स्थित प्राचीन मंदिरों में दर्शन-पूजन किया। गंगा स्नान के बाद तमिल डेलीगेट्स हनुमान घाट स्थित सुब्रह्मण्यम भारती के घर गए। उनके परिवार के सदस्यों से उन्होंने मुलाकात की। समूह के लोगों में काफी कुछ जानने की जिज्ञासा दिखी। सुब्रह्मण्यम भारतीय के घर का भ्रमण करने के बाद समूह कांची मठ पहुंचा और वहां के इतिहास के बारे में जानकारी प्राप्त की। काशी में दक्षिण भारतीय मंदिर को देखकर पेशेवरों और कारीगरों का दल उत्साहित नजर आया। तमिल समूह को काशी का इतिहास समझाने वाले वी. चंद्रशेखर द्रविड़ घनपाठी ने बताया कि केदार घाट और हनुमान घाट ऐसे मोहल्ले हैं, जहां दक्षिण भारत के लोग कई पीढ़ियों से रहते हैं। पेशेवरों और कारीगरों का यह समूह काशी में कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होते हुए नमो घाट पहुंचा।