वाराणसी। भोजूबीर पंचकोशी मार्ग स्थित मां दक्षिणेश्वरी काली मंदिर में शनि अमावस्या पर मां का शृंगार कर पूजन-अर्चन किया गया। मंगला आरती के बाद दर्शन-पूजन के लिए भक्तों की भीड़ रही। मां को पंचामृत स्नान कराकर नूतन वस्त्र एवं आभूषण धारण कराए गए। मां को रजत मुंडमाला पहनाई गई। गेंदा, बेला और गुलाब के फूलों से शृंगार किया गया। मंदिर को कामिनी की पत्तियों और विद्युत झालरों से आकर्षक ढंग से सजाया गया था। दोपहर में भोग आरती हुई। रात में 108 बत्तियों और सवा किलो कपूर से मां की महाआरती की गई। इस दौरान शनि महायज्ञ भी आयोजित हुआ। भंडारे में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया। पूजन में मंदिर के महंत गोपाल गिरि, अरविंद सिंह, मनोज दूबे, विनोद पांडेय और अभिमन्यु तिवारी आदि शामिल रहे। संवाद