पहले पारित प्रस्ताव के आधार पर बनारस क्लब के सामने कर्पूरी ठाकुर पार्क में कचहरी विस्तार की मांग को लेकर दोपहर तीन बजे अधिवक्ताओं ने धरना दिया। वक्ताओं ने मांग उठाई कि बनारस क्लब, उद्यान विभाग और कमिश्नर बंगले को तत्काल खाली कराकर न्यायालय को सौंपा जाए, ताकि कचहरी का विस्तार हो सके। कहा कि मौजूदा व्यवस्था में जगह की कमी से न्यायिक कार्य प्रभावित हो रहा है। अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी कि अगर जल्द मांग पूरी नहीं हुई तो आंदोलन को जनांदोलन में बदल दिया जाएगा, जिसमें राजनीतिक दलों और सामाजिक संगठनों की भी भागीदारी होगी। अध्यक्षता बनारस बार अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल व संचालन महामंत्री सुधांशु मिश्रा एडवोकेट ने किया। इस दौरान नित्यानंद राय, अखिलेश यादव, ज्ञानेंद्र शर्मा, सतीश कुमार यादव, सौरभ पांडेय, सुमित उपाध्याय, संदीप मौर्या रहे।